महासमुन्द

उगते सूर्य को अघ्र्य, परिवार की खुशहाली की कामना
20-Nov-2023 2:32 PM
उगते सूर्य को अघ्र्य, परिवार की खुशहाली की कामना

 महामाया घाट में जुटीं सैकड़ों महिलाएं

महासमुंद, 20 नवम्बर। सूर्य उपासना का महापर्व छठ आस्था के साथ मनाया गया। आज सुबह व्रती महिलाओं ने महामाया तालाब में उगते सूर्य को अघ्र्य देकर 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया।  नगर के महामाया तालाब के छठ घाट में मेले सा माहौल रहा। छत्तीसगढ़ी भोजपुरी परिषद की ओर से यहां छठ पूजा के लिए तैयारी की गई थी। तालाब के घाट को आकर्षक रोशनी से सजाया गया था। व्रती महिलाएं पूजन सामग्री लेकर घर से घाट तक भजन गाती हुई परिवार सहित पहुंचीं। पूजन सामग्री व्यवस्थित कर शनिवार शाम होने से पहले पूजा-अर्चना प्रारंभ की गईं। पांच बजकर 20 मिनट पर पुरोहितों ने पूजन प्रारंभ कराया। पूजन के लिए घाट पर विशेष रूप से गन्ना सजाया गया था। साथ ही कंदमूल, फूल आदि रखे हुए थे।    

कल शाम पांच बजकर 27 मिनट पर सूर्यास्त होते ही व्रती महिलाएं दीपदान के लिए तालाब में उतरकर दीप छोड़ती रहीं। तालाब में उत्तर और पूर्व दिशाओं से दीपदान किए जाने से तालाब में जगमग रौशनी बिखर गई। लोगों ने छठी मइया के जयकारे लगाए। एक-दूसरे से मिलकर छठ पर्व की बधाई दी। बड़ों का आशीर्वाद लिया। इसके बाद व्रतधारी महिलाएं भजन गायन करते हुए परिवार सहित अपने निवास को लौट गईं।

इस दौरान तालाब के पास जमकर आतिशबाजी की गई। आज सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अघ्र्य देकर छठ पर्व का समापन किया गया। इस तरह व्रती महिलाओं ने 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण कर अन्न-जल ग्रहण किया।    बताया गया है कि पृथ्वी में बहुत से मीठे कंद मूल हैं, जिनका छठ पूजन में उपयोग होता है। वहीं पेड़ के रूप में गन्ना ऐसा पेड़ जैसा है जो मीठा है। गन्ने से ही गुड़ और शक्कर का निर्माण होता है। इससे ही सभी मिठाईयां तैयार होती है। इसीलिए इस पर्व में गन्ने का उपयोग किया जाता है। कहा जाता है कि वाणी और संबंधों में मिठास की भावना लेकर गन्ने की पूजा होती है।


अन्य पोस्ट