बाजार से पूजन सामान खरीदकर घर लौट रहे थे, ट्रक में फंसकर दोनों 20-35 मीटर तक घसीटते रहे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 नवंबर। देवउठनी के लिए बाजार से पूजन सामग्री खरीदकर घर लौट रहे स्कूटी सवार दंपत्ति को कल दोपहर तेज रफ्तार ट्रक ने शहर के हृदय स्थल नेहरू चौक में कुचल दिया। हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पति की मौत उपचार के दौरान हो गई।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक की गति और अधिक कर फरार होने का प्रयास कर रहा था। जिसे भीड़ ने स्वामी चौक तक पीछा कर धर दबोचा। यह बताना जरूरी है कि पिछले सप्ताह भर से शहर का ट्रैफिक सिग्नल बंद है। इस शहर में ट्रैफिक सिग्नल का खराब होना आम बात है। यहां यातायात भगवान भरोसे ही चलती रहती है। इसके बावजूद भी घटना के समय इस स्थान पर पुलिस का कोई जवान ड्यूटी पर नहीं था।
हादसे के बाद आक्रोशित भीड़ बेकाबू हो रही थी। जिसे घटना की खबर सुनकर पहुंची पुलिस ने हटाया। घटना के लगभग 20 मिनट तक महिला का शव सडक़ पर ही पड़ा रहा। घायल को पहले अस्पताल में दाखिल कराया, जहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद महिला के शव को पीएम के लिए भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर एक बजे स्कूटी में एम. हरिकृष्ण राव अपनी पत्नी एम. कृ ष्ण वेणी राव के साथ गांधी चौक की ओर से पूजन सामग्री खरीदकर स्टेशन रोड की ओर आ रहे थे। इसी बीच बागबाहरा से रायपुर की ओर जा रहे ट्रक के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी सवार को कांग्रेस चौक पर अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक में फंसकर दोनों 20-35 मीटर तक घसीटते रहे।
इस घटना में एम. कृ ष्ण वेणी राव की मौके पर ही महिला की मौत हो गई, उसके शरीर के एक तरफ नीचे का हिस्सा बुरी तरह से कुचल गया और शरीर के कई हिस्से सडक़ पर बिखर गए। वहीं एम. हरिकृष्ण राव के शरीर के बाएं नीचे का हिस्सा भी कुचल गया।
घटना स्थल पहुंची 108 और पुलिस ने गंभीर रूप से जख्मी एम हरिकृष्ण राव को जिला अस्पताल भेजा। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार दोनों पति-पत्नी महासमुंद के लाल दाढ़ी पारा में रहते हैं। उनके दो बच्चे हैं। बेटी ब्याह कर इंदौर गई है और बेटा वाल्टेयर (आंध्रप्रेदश)में काम करता है। घर में दोनों ही रहते थे। कल देवउठनी एकादशी पूजा के लिए दोनों खरीदारी करने बाजार गए थे और हादसा हो गया। पोस्टमार्टम के बाद उनके बच्चों के महासमुंद आने का इंतजार किया गया और फिर देर रात शव उन्हें सौंप दिया गया है। आज सुबह दोनों शवों का अंतिम संस्कार किया गया।
इस हादसे को लेकर शोक व्यक्त करते हुए शिवसेना के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था बदतर हो गई है। उन्होंने बयपास की मांग को लेकर अनेक दफे धरना-प्रदर्शन कर शासन-प्रशासन को ज्ञापन दिया है, लेकिन शासन-प्रशासन के कानों में जूं तक नहीं रेंगी। उन्होंने कहा कि अनेक हादसों में निर्दोष लोगों की जान जा रही है और प्रशासन गहरी निद्रा में है। इस गंभीर हादसे के बाद भी शासन-प्रशासन की आंखें नहीं खुली तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
10 माह में महासमुंद के रास्ते में 239 ने जान गंवाई, चार मौतें शहर के बीच चौराहे पर
पिछले 10 महीने में इसी रूट पर दो चार फर्लांग के आसपास कुल इसी तरह की चार मौतें हुई हैं। पहली मौत कोतवाली के ठीक दरवाजे पर हुई थी, जब एक ट्रक ने एक युवक को कुचल दिया था। इसके बाद दूसरी मौत आदर्श हाई स्कूल के ठीक सामने हुई थी, जब यहां की चपरासी महिला स्कूल के कागजात की फोटो कापी कराने जा रही थी। उस वक्त भी ट्रक ने उसके सिर को कुचला था। यह तीसरा हादसा है, जिसमें एक साथ दो मौतें हुई हैं।
जिले में साल 2019 में सडक़ दुर्घटना में 223, 2020 में 170, वर्ष 2021 में 215 और 2022 में 267 ने जान गंवाई है। चालू वर्ष में महज 10 माह में ही 239 ने अब तक जान गंवाई है। इस प्रकार साल-दर-साल सडक़ हादसे और मौत के आंकड़े बढ़ रहे हैं। इस साल मई और जून माह में सबसे अधिक लोगों ने सडक़ दुर्घटना में अपनी जान गंवाई है। जून में कुल 45 सडक़ दुर्घटना में 34 ने जान गंवाई और 26 घायल हुए है। वहीं मई माह में 55 सडक़ दुर्घटना में 33 ने जान गंवाई और 43 घायल हुए हैं।
यातायात अव्यवस्था को लेकर लोगों में आक्रोश
अब तो शहर की यातायात अव्यवस्था को लेकर लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है पिछले कई दिनों से चौक का ट्रैफिक सिग्नल बंद है। जिससे शहर के मुख्य चौक की यातायात व्यवस्था भगवान भरोसे है। घटना में महिला की मौत का जिम्मेदार यहां की अव्यवस्थित यातायात है। सिग्नल बंद रहने के बावजूद यहां व्यवस्था को संभालने वाले के लिए तैनात जवान केवल अपनी औपचारिकता पूरी करते हैं। यह हाल केवल एक चौक का नहीं, शहर के सभी चौराहे का है। अनियंत्रित वाहनों पर लगाम लगाने विभाग कोई कार्रवाई नहीं करता और न ही व्यवस्था सुधारने कोई उचित कदम उठाता है। तेज रफ्तार बेधडक़ चल रही भारी वाहनें शहर की सीमा पर बेरोकटोक आ जा रहा है।
शहर में भारी वाहनों के प्रवेश निषेध की मांग
कल हुई सडक़ दुर्घटना के बाद नगरवासियों में नो एंट्री को लेकर भी आक्रोश देखा गया और मांग की गई कि जल्द से जल्द शहर में सुबह-शाम निर्धारित समय पर भारी वाहनों का प्रवेश निषेध किया जाए। यहां लंबे समय से बायपास की मांग की जा रही है. लेकिन आज पर्यंत बायपास नहीं बन सका है। एक बहुत बुरी बात यह है कि प्रत्येक तीज त्यौहारों पर पूजा आदि सामग्री सडक़ के किनारे ही पसरा लगाकर लगाई जाती है।