महासमुन्द
समझाईश के बाद हालांकि जाम हुआ समाप्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 नवम्बर। सरायपाली-चिंवराकुटा-ओडिशा के संबलपुर क्षेत्र को कोशल राज्य बनाने की मांग को लेकर कल सोहेला के पास बड़ी संख्या में लोगों ने चक्काजाम कर दिया है। समझाईश के बाद हालांकि जाम समाप्त हुआ. लेकिन जाम के दौरान सरायपाली से ओडिशा की ओर जाने वाली ट्रकों की लम्बी कतार लग गई थी। इस जाम से ट्रक चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ओडिशा के संबलपुर, बरगढ़, बलांगीर, पदमपुर आदि क्षेत्रों को मिलाकर एक अलग कोशल राज्य बनाये जाने की मांग को लेकर कल सुबह से स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर सोहेला के पास मार्ग जाम कर दिया। इस दौरान दोनों ओर मालवाहक गाडिय़ों की लम्बी कतार लग गई।
सरायपाली की ओर से जाने वाले वाहनों की कतार सोहेला से सरायपाली की ओर लगभग 20 किमी मुरमुरी चौक तक लगी थी। सडक़ जाम हो जाने से ट्रक चालकों को खाने-पीने के साथ-साथ अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ा। कई ट्रकों में कच्चे सामान भी लोड थे। जिसके खराब होने के डर में चालक चिंतित नजर आये। कल सुबह 6 बजे से लगा जाम शाम 6 बजे हटाया गया, तब जाकर वाहन चालकों ने चैन की सांस ली।