महासमुन्द

धान खरीदी अवधि तिथि को एक महीने आगे बढ़ाएं भाजपा सरकार-विनोद
28-Jan-2024 4:59 PM
धान खरीदी अवधि तिथि को एक महीने आगे बढ़ाएं भाजपा सरकार-विनोद

कहा-प्रदेश में 5 लाख से अधिक किसान नहीं बेच पाएं हैं धान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,28 जनवरी। पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2023.24 में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीदी हेतु अलग.अलग समितियों में कृषि भूमि की रकबा अनुसार प्रतिदिन खरीदी की मात्रा तय की गई। परंतु खरीदी केंद्रों में उठाव नहीं होने के कारण जगह का अभाव भी होते जा रहा है। मात्रा बढऩे के कारण हमालों के लिए तौलाई, सिलाई संग्रहण में कठिनाई हो रही है। जिससे सभी किसानों का धान तय अवधि में खरीदी हो पाने में संशय है। किसान खासे चिंतित हैं। इस कारण धान खरीदी अवधि को कम से कम 1 मार्च तक बढ़ाया जाना चाहिए। श्री चंद्राकर ने कहा कि वर्तमान में 31 जनवरी तक किसानों को टोकन जारी किया गया है। जबकि कई सारे किसान अभी तक टोकन और अपने बारी के इंतजार में है।

उन्होंने कहा कि एक मार्च तक धान खरीदी तिथि बढ़ाने से लक्ष्य की प्राप्ति हो सकेगी। तथा सभी किसान अपना धान बेच सकेंगे। अभी भी प्रदेश में 5 लाख से अधिक किसान धान बेच नहीं पाये हैं। वहीं पूर्व में 20 क्विंटल धान बेच चुके किसानों से प्रति एकड़ एक क्विंटल अतिरिक्त धान की खरीदी की जानी है। इस वर्ष के लिए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने 135 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया था। तब प्रति एकड़ 20 क्विंटल की खरीदी तय हुआ था। वर्तमान में अब प्रति एकड़ 21 क्विंटल खरीदी आदेश जारी हो गए हैं तो लक्ष्य भी बढ़ेगा। कम से कम 150 लाख मीट्रिक टन तक खरीदी होगी। इसलिये एक महीने धान की खरीदी अवधि बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है।

श्री चंद्राकर ने कहा कि किसान धान खरीदी केंद्रों में अपना धान बेचने पहुंच रहे हैं। लेकिन उन्हें वादानुसार धान की कीमत 3100 रुपए प्रति क्विंटल नहीं मिल रहा है। अनेक धान खरीदी केंद्रों में टोकन और तौलाई के लिए लंबी-लंबी लाइनें लग रही है। भाजपा सरकार की अव्यवस्था और धान खरीदी में उदासीनता के चलते किसान तकलीफ पा रहे हैं। भाजपा की साय सरकार व्यवस्था सुधारने के बजाय लक्ष्य घटाकर किसानों का हक मार रहे हैं। किसानों को समर्थन मूल्य 2183 रुपए ही भुगतान हो रहा है। 3100 रुपये की कीमत कैसे और कब मिलेगी, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।


अन्य पोस्ट