महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28जनवरी। जिले के बसना नेशनल हाइवे 53 पर शनिवार की शाम एक इलेक्ट्रिक कार में आग में आग लग गई। इलेक्ट्रिक कार चलते-चलते पहले बंद हो गई थी। बंद हो जाने के फिर से स्टार्ट करने के दौरान कार में आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और नागरिकों ने मिलकर रेत से आग को बुझाया गया। हालांकि इसमें कोई भी जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, इलेक्ट्रिक कार में 4 दोस्त सवार थे। आग लगता देख सभी ने कार से कूद कर अपनी जान बचाई। पूरा मामला जिले के बसना थाना क्षेत्र के नेशनल हाइवे 53 का है। रायपुर निवासी सौरभ राठौर अपने तीन दोस्तों के साथ अपने इलेक्ट्रिक कार से सरसीवां की ओर जा रहे थे। इस बीच सडक़ पर उनकी कार बंद पड़ गई।
इसके बाद सौरभ राठौर ने कार कंपनी को इसकी जानकारी दी। जिस पर कार कंपनी द्वारा कुछ देर बाद रुक कर स्टार्ट करने की सलाह दी गई। इसके बाद सौरभ राठौर ने करीब आधे घंटे बाद कार को फिर से स्टार्ट किया तो बाएं टायर के निचले हिस्से में अचानक आग लग गई। आग की लपटें देख चारों दोस्त कार को छोड़ भाग खड़े हुए। इसके बाद उस इलेक्ट्रिक कार से धू-धू कर आग की तेज लपटें उठने लगी। आग इतनी भयानक लगी थी कि पूरी वाहन जल कर खाक हो गई। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची। स्थानीय नागरिकों के साथ पुलिस ने रेत से आग को बुझाया। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।