महासमुन्द

बोर खराब, खेतों की ओर बहते नाले के पानी में नहाकर, गांव वालों से पानी मांगकर पी रहे एकलव्य विद्यालय भोरिंग के बच्चे
27-Jan-2024 4:16 PM
बोर खराब, खेतों की ओर बहते नाले के पानी में नहाकर, गांव वालों से पानी मांगकर पी रहे एकलव्य विद्यालय भोरिंग के बच्चे

 शौचालय-कपड़े धोने का काम भी इसी पानी से, कई बच्चे बीमार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 27 जनवरी। एकलव्य आवासीय विद्यालय भोरिंग के बच्चे पखवाड़े भर से नाले के पानी में नहाकर खाना खाने के बाद गांव वालों से मांगकर पानी पी रहे हैं। बच्चों के पीने के लिए तुमगांव नगर पंचायत से एक टैंकर की व्यवस्था की गई है, जो डेढ़ सौ बच्चों के लिए नाकाफी है। निस्तारी और प्रसाधन के लिए पानी नहीं होने के कारण विद्यालय के शौचालय और साफ सफाई का बुरा हाल है।

जानकारी मिली है कि इस स्कूल का बोर पंद्रह दिन पहले बंद हो गया है। पालकों ने कई बार जिला प्रशासन और विभाग के अलावा जनप्रतिनिधियों को इसकी जानकारी दी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। अत: बच्चे बूंद-बूद पानी के लिए तरस रहे हैं।

इस वक्त कोडार का पानी नाली के जरिए खेतों के जरिए बह रहा है,जो यहां पढ़ रहे बच्चों के लिए निस्तारी का साधन बना हुआ है। स्कूल के बच्चे इसी पानी से नहाते हैं और पाखाना के अलावा बर्तन मांजने के लिए भी उपयोग करते हैं।

बताना जरूरी है कि यही वह स्कूल है जहां प्रदेश के आदिवासी बच्चे पढ़ते हैं और उन बच्चों ने जिले के अलावा प्रदेश को भी तीरंदाती में कई तमगे दिलाएं हैं। इस मामले में आदिवासी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर शिल्पा सहाय और कलेक्टर प्रभात मलिक से बात नहीं हो पाई है।

गौरतलब है कि केन्द्र सरकार ने अनुसूचित जनजाति-एसटी के युवाओं के लिए यहां भोरिंग में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय खोला है। राज्य की जनजातीय कार्य मंत्रालय जनजातीय छात्रों को उनके ही परिवेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय की योजना चला रही है। इसी के तहत जिले के आदिवासी बच्चे यहां अध्ययनरत हैं।

यहां के बच्चों ने पढ़ाई के अलावा कई प्रकार के खेलों में प्रदेश का नाम रौशन किया है। खासकर तीरंदाजी के लिए महासमुंद जिले का यह विद्यालय काफी चर्चित है। पिछले पंद्रह दिनों से इस विद्यालय में पानी नहीं है। बच्चों के कपड़े, शौचालय और विद्यालय प्रांगण में गंदगी पसरी हुई है। यहां रह रहे बच्चे सुबह से शौचालय के लिए नाली का पानी उपयोग में लाते हैं, लड़कियां भी। सारे बच्चे यहीं नाली में ही नहाते हैं। बच्चों ने नाली किनारे एक छोटा सा पत्थर रखकर कपड़े धोते हैं, उसमें बैठकर नहाते हैं। इसके बाद विद््यालय में खाना खाकर इसी नाली में बर्तन मांजते हैं और आसपास घरों से पानी पीकर पी लेते हैं। हालांकि एक टैंकर तुमगांव नगरपंचायत से विद्यालय में आता है, लेकिन उसका पानी जल्दी खत्म हो जाता है। डेढ़ सौ बच्चों के लिए इतना पानी नाकाफी है।

 गणतंत्र दिवस पर इस विद््यालय में भी ध्वजारोहण हुआ। अतिथि के तौर पर प्रोफेसर संजीव कर्मकार वशिष्ठ पहुंचे थे। उन्हें पालकों ने एक पत्र सौंपा। जिसमें भी इसका जिक्र है। पालकों की मांग है कि किसी तरह यथाशीघ्र बच्चों के लिए पानी की व्यवस्था करा लिया जाए, वरना वे अपने बच्चों को यहां से वापस अपने घर ले जाएंगे।

‘छत्तीसगढ़’ ने भी देखा कि बच्चे खाना खाने के बाद नाली में बर्तन धो रहे थे। यहां कोडार का पानी विद्यालय के पास से ही संकरी नाली के जरिए खेतों से होकर बह रहा है।

पालक संघ के अध्यक्ष विनोद दीवान ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि लगभग महीने भर से विद्यालय का बोर बेकार है। सारे बच्चे जिले के गांवों से ही हैं। विद्यालय के प्राचार्य ने बोर को सुधरवाने की कोशिश की थी, लेकिन असफल रहे। अभी दस दिन पहले कलेक्टर को इसकी जानकारी दी गई थी। फिर पीने के लिए तुमगांव से टैंकर में पानी मंगाया जाने लगा। नहाने के लिए पानी नहीं था ही नहीं। अच्छा हुआ कि कोडार डेम का पानी खेतों के लिए छोड़ा गया है, इसलिए बच्चे अब वहीं नहाते हैं, कपड़े धोते हैं। इसमें लड़कियों को ज्यादा दिक्कतें आ रही हैं। बोर बनाने वाले ने यह भी कहा था कि यहां बोर सक्सेस नहीं है। नाले के पानी में नहाने और टैंकर का पानी पीने से कई बच्चे बीमार हो रहे हैं।


अन्य पोस्ट