महासमुन्द

अवैध रेत भरी 12 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को ग्रामीणों ने रोका
25-Jan-2024 3:23 PM
अवैध रेत भरी 12 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को ग्रामीणों ने रोका

अफसरों को सूचना दी, कोई नहीं पहुंचा तो चेतावनी देकर छोड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 25 जनवरी। चिंगरौद में कल सुबह वहां की सरपंच लुकेश्वरी साहू के नेतृत्व में स्कूली बच्चों और ग्रामीणों ने अवैध उत्खनन कर रेत की दुलाई कर रहे 12 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा। सूचना देने के बाद भी वहां प्रशासन का एक भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। तब ग्रामीणों ने सभी ट्रेक्टरों को चेतावनी देकर छोड़ा।

मालूम हो कि अंचल में महानदी से रेत के अवैध उत्खनन और अवैध परिवहन की शिकायतें थमने का नाम ही नहीं ले रही है। रेत घाट बंद होने के बावजूद अवैध रेत उत्खनन व परिवहन में संलिप्त लोगों पर कार्रवाई नहीं होने से सप्ताह भर पूर्व नांदगांव में अवैध रेत से भरी दर्जन भर हाईवा को ग्रामीणों ने घंटों खड़े कर पुलिस को सूचना दी थी। तब पुलिस ने इस मामले में सभी हाईवा के खिलाफ  कार्रवाई की गई थी।

 बुधवार को फिर से ऐसा ही मामला सामने आया तोअधिकारियों ने कार्रवाई तो दूर स्थल तक पहुंचना भी उचित नहीं समझा। हालात यह है कि चिंगरौद के समीप महानदी से रेत का अवैध उत्खनन कर रोजाना सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में रेत भरकर महासमुंद लाने के बाद  रेत माफिया तक बेधडक़ अपना कारोबार कर रहे हैं। इन पर कभी कार्रवाई नहीं होने से यह सिलसिला जारी है। इसके चलते चिंगरौद सडक़ की हालत बेहद खराब है। बड़े वाहनों की आवाजाही के कारण वहां सडक़ ही गायब है।

चिंगरौद में मुख्य मार्ग पर ही प्रायमरी और मिडिल स्कूल होने से बच्चों का आना-जाना लगा रहता है। इस वजह से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लिहाजा कल सरपंच लुकेश्वरी साहू के नेतृत्व में नाराज ग्रामीणों ने अवैध रेत ढुलाई कर रहे 12 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को गांव में रोक लिया। सुबह करीब 8 बजे इन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोका गया।

सरपंच ने बताया कि पूछने पर ट्रैक्टर चालकों ने रेत मंगाने वालों के नाम नहीं बताया। इस दौरान प्रशासन के अनेक अधिकारियों को सूचना दी गई,  लेकिन 11 बजे तक एक भी अधिकारी वहां नहीं आया। तब दुबारा अवैध उत्खनन व परिवहन नहीं करने की चेतावनी देकर ग्रामीणों ने ट्रैक्टरों को छोड़ा।


अन्य पोस्ट