महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,4 सितंबर। महासमुंद जिले में अब तक स्वाइन फ्लू के 7 पॉजिटिव मरीज मिले हैं जिनमें से एक मरीज की मौत हो चुकी है। जिले में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है और लोगों से सावधानियां बरतने की अपील लगातार कर रही है।
महासमुंद जिले में स्वाइन फ्लू के 7 केस पाए गए है। इन केसों में 1 व्यक्ति की स्वाइन फ्लू से मौत भी हो गई है। कल सुबह रायपुर के निजी अस्पताल में बसना के 59 वर्षीय एक व्यक्ति की स्वाइन फ्लू के चलते मौत हुई है। जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ छत्रपाल चंद्राकर ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने जानकारी दी है कि जिले में स्वाइन फ्लू के 07 मरीज पाए गए है जिनमें से 04 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं वहीं महासमुंद के 01 मरीज का होम आइसुलेशन में इलाज जारी है। बसना के 01 और मरीज का रायपुर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है और एक व्यक्ति ने कल सुबह रायपुर के निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया है। पॉजिटिव मरीजों का कांटेक्ट ट्रेसिंग किया गया है।
हालांकि राहत की बात यह है कि जो व्यक्ति स्वाइन फ्लू पॉजीटिव पाए गए हैं उनके कांटेक्ट में आने वाले अन्य कोई भी व्यक्ति, स्वाइन फ्लू के लक्षण में नहीं है। उन्होंने बताया कि कोरोना की तरह स्वाइन फ्लू के भी लक्षण सर्दी खांसी बुखार और बदन दर्द जैसे संकेत है। उन्होंने कहा कि स्वाइन फ्लू का इलाज संभव है। समय रहते टेस्ट के साथ डॉक्टरी परामर्श लेते हुए दवा लिया जा सकता है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग जिले में स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट मोड पर है।
हर ब्लॉक में ऐसे लक्षण पाए जाने पर तत्काल टेस्ट कराया जा रहा है। महासमुंद मेडिकल कॉलेज में स्पेशल वार्ड के साथ आईसीयू सेंटर भी बनाया गया है।