महासमुन्द

स्वसहायता समूह की महिलाओं ने गांव वालों पर लगाया बहिष्कार व दंडित करने का आरोप, जांच शुरू
03-Sep-2024 2:53 PM
स्वसहायता समूह की महिलाओं ने गांव वालों पर लगाया बहिष्कार व दंडित करने का आरोप, जांच शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 सितंबर।
जिले के बागबाहरा क्षेत्र स्थित ग्राम सोनापुटी की मातृभूमि स्वसहायता समूह की महिलाओं ने चार दिन पूर्व आवेदन देकर गांव के कुछ रसूखदारों एवं शराबी प्रवृत्ति के लोगों पर दंडित करते हुए गांव से बहिष्कार का आरोप लगाया है। उनके आवेदन पर जांच जारी है। 

मालूम हो कि सोनापुटी गांव के लोगों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर वहां रााशन दुकान चला रही महिला समूह पर राशन के तौल में कांटा मारने का आरोप लगाया था। 
अब इन महिलाओं का कहना है कि राशन के तौल में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए गांव के कुछ लोगों ने समूह की प्रत्येक महिलाओं से पांच-पांच हजार रुपए का दंड लिया। नहीं देने पर उन्हें गांव से बहिष्कार कर दिया है। पुलिस ने इस संबध में बताया है मामले की जांच शुरू कर को महिलाओं को बयान देने के लिए बुलाया गया है। 

महिलाओं ने आवेदन में उल्लेख किया है कि ग्रामीणों द्वारा पंजीकृत महिला समूह को मानसिक रूप से प्रताडि़त कर गांव से बहिष्कृत कर दिया है। आवेदन में उन्होंने इसकी जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है। आवेदन में उन्होंने उल्लेख किया कि हम न्याय की मांग को लेकर ग्रामीणों के आरोपों की जांच हेतु एसडीएम कार्यालय गये थे। जांच के लिए खाद्य अधिकारी एवं अधिकारी भी तौल यंत्र की जांच करने आये थे। लेकिन उनकी जांच से ग्रामीण संतुष्ट नहीं हुए। 
उन्होंने उल्लेख किया कि सोनापुटी के आश्रित ग्राम मनबाय के हितग्राही राशन वितरण में संतुष्ट हैं। उन्हें कोई शिकायत नहीं है। इससे इस बात का पता चला है कि कुछ लोगों द्वारा आपसी रंजिश के चलते उक्त कृत्य किया जा रहा है। आवेदन में उन्होंने कुछ नामों का भी उल्लेख कर मामले की जांच कर उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है।


अन्य पोस्ट