महासमुन्द

हाथियों का उत्पात, फसलें रौंदी, दहशत
03-Sep-2024 2:45 PM
हाथियों का उत्पात, फसलें रौंदी, दहशत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 सितंबर।
जिले के सरायपाली अंचल में एक बार फिर से हाथियों का उत्पात शुरू हो गया है। गोमर्डा अभ्यारण्य की ओर से सीमावर्ती क्षेत्रों में हाथी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। कल भी खरनियाबहाल के कुछ किसानों ने हाथियों के द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाये जाने की बात कही है।

खरनियाबहाल के कुछ किसानों ने बताया कि वे इन दिनों हाथियों के उत्पात से परेशान हैं। जंगली हाथी प्रतिदिन रात में गांव में घुस कर किसानों के खेतों में लगी धान की फसल को बर्बाद कर रहे हैं। बीते दिनों शनिवार को भी हाथियों का एक झुंड आया था और सोमवार को भी पुन: हाथियों के झुंड ने खेतों में लगी धान की फसलों को रौंद दिया है। 

किसानों ने बताया कि लगभग प्रतिदिन हाथियों के द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। अब तक वे लगभग 30 एकड़ फसल को खराब कर चुके हैं। हाथियों के कारण ग्रामीणों सहित किसानों में भी दहशत का माहौल है।


अन्य पोस्ट