महासमुन्द

सोनापुटी मामले में दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने
04-Sep-2024 2:56 PM
सोनापुटी मामले में दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने

महिला समूह ने कहा शराबियों से हलाकान, दूसरे पक्ष ने की सेल्समेन नियुक्ति की मांग

पूूरा गांव अपने-अपने पक्ष रखने कलेक्टोरेट पहुंचे 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 सितंबर।
सोनापुटी मामले में दोनों पक्षों के लोग कल कलेक्टोरेट में आमने-सामने हुए। कलेक्टर के सामने महिला समूह ने कहा शराबियों से हलाकान हैं। वहीं दूसरे पक्ष ने सेल्समेन नियुक्ति की मांग की हैं। इस तरह पूूरा गांव अपने-अपने पक्ष रखने कल कलेक्टोरेट पहुंचे थे।पंजीकृत महिला स्व सहायता समूह को ग्रामीणों द्वारा प्रताडि़त करने के इस मामले को लेकर प्रार्थी मातृभूमि स्व सहायता समूह सोनापुटी बागबाहरा की सैकड़ों महिलाओं व ग्रामीणों ने कल कलेक्टर जनदर्शन में इसकी शिकायत की। वहीं इस मामले में दूसरे पक्ष के लोग भी कलेक्टर से मातृभूमि स्व सहायता समूह को हटाकर सेल्समेन नियुक्त करने की मांग को लेकर कलेक्टोरेट पहुंचे थे।

दोनों पक्षों से लगभग 150 से 200 ग्रामीणों की भीड़ कलेक्टोरेट में थी। मातृभूमि स्व सहायता समूह सोनापुटी की महिलाओं ने ज्ञापन में कहा कि ग्राम पंचायत सोनापुटी में उचित मूल्य की दुकान का संचालन मातृभूमि स्व सहायता समूह द्वारा 3 वर्ष 4 माह से किया जा रहा है। लेकिन स्व सहायता समूह की महिलाओं को ग्राम के कुछ रसूखदार और शराबियों द्वारा राशन सामान तौल में गड़बड़ी का आरोप लगाकर  गाली गलौच कर परेशान किया गया और गांव में प्रति महिला को 5 हजार रुपए से दंडित कर गांव से बहिष्कार भी कर दिया। 

इन महिलाओं ने बताया कि समूह की महिलाओं ने अनुविभागीय अधिकारी के पास आवेदन प्रस्तुत किया तो इसी दिन शाम को तहसील से खाद्य अधिकारी के साथ कुछ और अधिकारी तौल यंत्र की जांच करने गांव आये थे। गांव वालों ने उक्त अधिकारी के साथ भी गाली-गलौज की। फिर अधिकारी वहां से चले गये। उक्त जांच से ग्रामवासी संतुष्ट नहीं है। 

समूह की महिला सदस्यों ने बताया कि उनके बच्चों को ग्राम के अन्य बच्चों द्वारा भेदभाव किया जा रहा है। स्कूल में भी बच्चों को प्रताडि़त किया जा रहा है। अब बच्चे स्कूल जाने से मना कर रहे हैं। उनके मन में भय है। ग्राम पंचायत सोनापुटी के आश्रित ग्राम मनबाय के हितग्राही समूह द्वारा राशन वितरण से संतुष्ट हैं। उन्हें किसी भी प्रकार की कोई शिकायत नहीं है। अत: इससे साफ.-साफ  पता चलता है कि इसमें कुछ ग्रामीणों द्वारा आपसी रंजिश निकाला जा रहा है।

महिलाओं ने लिखित शिकायत पर नाम बताया कि राजू साहू, तोषक कुम्हार, मुन्ना निर्मलकर, कल्लू निर्मलकर, बेनीराम निर्मलकर, कुलेश्वर सागर, ललित साहू, छत्तर साहू, पूरण ध्रुव, सुकदेव साहू ने समूह पर राशन वितरण में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। उधर इसी मामले को लेकर दूसरे पक्ष ने भी कलेक्टोरेट में ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने ज्ञापन में कहा कि ग्राम पंचायत सोनापुटी बागबाहरा में संचालित मातृभूमि स्व सहायता समूह द्वारा संचालित राशन दुकान में चावल वितरण में अनियमितता बरती जा रही है। उपभोक्ताओं को चावल कम दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि महिला स्व सहायता समूह को हटाकर वहां सेल्समेन की नियुक्ति की जाये। 

ज्ञापन सौंपने के दौरान मनीराम, कैलाश दीवान, लक्ष्मीनाथ, संतराम, कुमार झारबिंद, कल्लू राम, कीर्तन कुमार, टीकम साहू, पूरण, सुरेश दीवान आदि उपस्थित थे। इनका कहना है कि अन्य के विरूद्ध कार्रवाई करते हुये न्याय दिलाया जाये। 
ज्ञापन सौंपने के दौरान लीला पटेल, कविता नेताम, दुलारी पटेल, मीना यादव आदि उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट