महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 सितंबर। जिले के सांकरा थाना अंतर्गत ग्राम लोहरीनडोंगरी के स्कूल पारा में दो लोगों ने सरपंच पति के साथ मारपीट की है। जिसकी शिकायत निलाम्बर पटेल ने थाने में की है।
प्रार्थी ने बताया कि उनकी पत्नी सुलोचना पटेल पिपरौद पंचायत की सरपंच हंै। वर्ष 2020 के निर्वाचन प्रमाण पत्र में सरपंच सुलोचना पटेल पति निलाम्बर पटेल के स्थान पर पति बलदेव पटेल लिखा होने की बात को लेकर 01 सितम्बर को गांव के ओमप्रकाश पटेल एवं उसका लडक़ा किशोर पटेल निर्वाचन प्रमाण पत्र को मोबाइल में वायरल कर रहे थे। जिसे निलाम्बर ने मना किया तो ओमप्रकाश पटेल, किशोर पटेल ने एक राय होकर गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। एवं हाथ में रखे डंडे से मारा। जिससे निलाम्बर को चोट आई है।
पुलिस ने मामले की शिकायत के बाद आरोपी ओमप्रकाश पटेल, किशोर पटेल के खिलाफ 115-2, 296, 3-5, 351-2 के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया है। इसी मामले में दूसरे पक्ष ने भी सरपंच पति के खिलाफ बाइक की चाबी एवं मोबाइल लूटने तथा मारपीट करने के आरोप में शिकायत दर्ज करायी गई है। पुलिस ने मामले की शिकायत के बाद केस दर्ज कर लिया है। ओमप्रकाश पटेल ने अपनी शिकायत में बताया है कि 1 सितम्बर को सुबह बाइक से खेत जा रहा था। तभी निलाम्बर पटेल अपनी बाइक को ओमप्रकाश के सामने खड़ा हो गया और उसने बाइक की चाबी छिन ली। मना करने पर ओमप्रकाश के साथ मारपीट करने लगा और उसका मोबाइल भी लूट लिया। तभी ग्राम के विरेन्द्र भोई, सुशांत चौहान एवं प्रितम नंद ने बीच-बचाव किया। वहां पर महिलाएं भी थीं।
ओमप्रकाश ने बताया कि उक्त घटना से उसका परिवार भयभीत है। पुलिस ने आरोपी नीलाम्बर पटेल के खिलाफ 115-2, 126-2, 296, 351-2 के तहत अपराध कायम किया है।