धमतरी

जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक एक में भाजपा-कांग्रेस की जोर आजमाईश जारी
17-Feb-2025 2:54 PM
जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक एक में भाजपा-कांग्रेस की जोर आजमाईश जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, , 17 फरवरी।
नगर पंचायत भखारा के चुनाव परिणाम से उत्साहित भाजपा नेता अब त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जीतकर तीसरी सरकार बनाने जुट गए हैं। 
20 फरवरी को होने वाले मतदान से पहले कांग्रेसी नेता भी जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 1 में अपना कब्जा बरकरार रखने पुरा जोर लगा रहे हैं। कांग्रेसी उम्मीदवारों के साथ पूर्व विधायक लेखराम साहू मजबूती से डटे हंै। जबकि भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के लिए वर्तमान विधायक अजय चन्द्राकर ने मोर्चा सम्हाल रखा है।

कुरुद विधानसभा अंतर्गत भखारा क्षेत्र की जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 1 में जीत का स्वाद चखने इन दिनों भाजपा और कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी पूरा जोर लगा रहे हैं। कांग्रेस के कब्जे वाली इस सीट को हासिल करने भाजपा ने अपने भरोसेमंद सिन्हा परिवार की पुत्रवधू पूजा शैलेन्द्र सिन्हा को मैदान में उतारा है। जबकि कांग्रेस ने यहाँ सक्रिय नेत्री एवं जनपद सभापति रही परमेश्वरी महेन्द्र साहू को मौका दिया है। अनारक्षित महिला वर्ग की यह सीट में अपने में 26 पंचायतों को समेटे हुए है। पूर्व कांग्रेसी विधायक लेखराम साहू का गृह क्षेत्र होने से यहाँ की बड़ी पंचायत सिलौटी, हंचलपुर, कोर्रा, कोसमर्रा, पचपेडी़, कोलयारी आदि में कांग्रेस की पकड़ अच्छी बताई जा रही है। 

पूर्व विधायक लेखराम साहू जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष भरत नाहर की अगुवाई में क्षेत्रीय नेता कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी परमेश्वरी महेन्द्र साहू को जीताकर इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखने दिन रात एक कर रहे हैं।

दूसरी ओर भाजपा खेमे से मैदान में उतरी पूजा शैलेन्द्र सिन्हा का चुनावी मोर्चा उनके ससुर वरिष्ठ भाजपा नेता और सहकारिता जगह से ताल्लुक रखने वाले पंकज सिन्हा ने सम्हाल रखा है। हरख जैन, भीमदेव साहू, दुलार सिन्हा जैसे अनुभवी नेताओं के देखरेख में भाजपा क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत कर रही है। 

विधायक अजय चन्द्राकर भी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव लड़ रहे पार्टी समर्थित प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने लगातार दौरा कर रहे हैं। जैसे जैसे मतदान की तिथि करीब आ रही है, गावों का चुनावी तापमान बढऩे लगा है। प्रचार प्रसार और तामझाम के मामले में सत्ता पक्ष की स्थिति काफी तगड़ी दिख रही है। लेकिन विपक्षी पार्टी भी सिमित साधनों के बावजूद सघन जनसंपर्क कर अपनी स्थिति मजबूत करने में कोई कसर नही छोड़ रही है। अब यह तो परिणाम आने के बाद ही पता चलेगा कि किसकी मेहनत रंग लाई है।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news