कहा- कांग्रेस ने पूरी ताकत और एकजुटता से चुनाव लड़ा, अपने सिद्धांतों पर समझौता नहीं किया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 16 फरवरी। संभाग मुख्यालय राजीव भवन में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया, जिसे छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने संबोधित किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बैज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नगरी निकाय चुनाव के पहले से ही सत्ता का दुरुपयोग कर रही थी। पहले चुनाव को टालने की कोशिश हुई, फिर चुनावों की तारीखों को आगे बढ़ाया गया। पहले घोषित किया गया चुनाव बैलेट पेपर से होगा, बाद में निर्णय हुआ मतदान ईवीएम से कराया जाएगा। ईवीएम से मतदान निश्चित किया गया तो अध्यक्ष और पार्षदों के मशीनो को एक साथ जोड़ा गया। उसमें वीवीपैट की व्यवस्था नहीं किया गया, जबकि ईवीएम के मामले सुप्रीम कोर्ट का स्पष्ट निर्देश है कि वीवीपैट जोड़ा जाना चाहिए।
प्रदेश में मतदान के दौरान 100 से अधिक स्थानों पर ईवीएम बंद होने खराब होने की शिकायतें आई, किसी प्रकार मतदान संपन्न हुआ। भाजपा ने चुनाव में सत्ताबल, धनबल का दुरुपयोग किया। जनता को प्रभावित करने शराब बांटे गये। प्रलोभन के लिए सामग्रियां बांटी गई।
पुलिस व प्रशासन का दुरूपयोग कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रताडि़त किया गया। जबरिया थानों में बंद रखा गया। भाजपा ने इस जीत के लिए तमाम तरीके के अलोकतांत्रिक हथकंडे अपनाये। इसके बावजूद हमारे कार्यकर्ता चुनाव में डटे रहे। जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करते रहे। इन नतीजों से हम निराश जरूर है, लेकिन हताश नहीं है। प्रमुख विपक्षी दल के रूप में हम जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करते रहेंगे।
भाजपा सरकार के कुशासन के खिलाफ हमारी लड़ाई और तेज होगी। इस नतीजे से भाजपा की साय सरकार के जनविरोधी कार्यों की माफी नहीं हो जाती है। पिछले एक वर्ष में भाजपा सरकार ने जो वादाखिलाफी भ्रष्टाचार किया है। बिगड़ती कानून व्यवस्था जैसे विषयों पर सरकार कल भी कटघरे में खड़ी थी, आज भी खड़ी है। मोदी की गारंटी के अधूरे कामों के समान अटल विश्वास पत्र के मुद्दे कागजों में दम न तोड़े, कांग्रेस विपक्ष के रूप में सरकार को सचेत करती रहेगी।
प्रेसवार्ता के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, पूर्व विधायक रेखचंद जैन, महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष लता निषाद, रशीद खान, रंजीत बख्शी, रविशंकर तिवारी,जावेद खान असीम सुता,शादाब अहमद, उस्मान रजा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।