बस्तर
केदार कश्यप और किरण देव ने लिया जायजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 1 फरवरी। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित बस्तर प्रवास को लेकर जगदलपुर के लालबाग में तैयारी की जा रही है। राष्ट्रपति के हाथों जगदलपुर में आयोजित होने वाले बस्तर पडुंम 2026 के संभाग स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रशासन सक्रिय है। इसी कड़ी में कार्यक्रम की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के लिए प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप और जगदलपुर विधायक किरण देव ने लालबाग मैदान का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री कश्यप और विधायक श्री देव ने कार्यक्रम स्थल पर चल रहे निर्माण कार्यों, मंच की साज-सज्जा और वीआईपी प्रोटोकॉल के तहत की जा रही व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति के आगमन पर बस्तर की गरिमा के अनुरूप ही भव्य स्वागत और आयोजन सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान कलेक्टर आकाश छिकारा ने मंत्री को अब तक की गई तैयारियों का विस्तृत ब्यौरा दिया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर सीपी बघेल और लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता राजीव बतरा भी उपस्थित रहे, जिन्हें मंत्री एवं विधायक द्वारा समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


