बस्तर

अवैध खुदाई-परिवहन: 5 हाईवा, 2 टिप्पर और एक पोकलेन मशीन जब्त
02-Feb-2026 11:19 PM
अवैध खुदाई-परिवहन: 5 हाईवा, 2 टिप्पर और एक पोकलेन मशीन जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 2 फरवरी। बस्तर में जिला खनिज जांच दल ने 27 से 29 जनवरी के बीच एक विशेष औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान जिले के कोड़ेनार, बस्तर, बनियागांव, बकावंड और परपा क्षेत्रों में ताबड़तोड़ दबिश देकर अवैध उत्खनन और परिवहन में लिप्त 8 वाहनों को जब्त किया गया है।

विभाग द्वारा गौण खनिज चूनापत्थर और रेत का अवैध परिवहन करते हुए 7 भारी वाहनों को रंगे हाथों पकड़ा गया, जिनमें 5 हाईवा और 2 टिप्पर शामिल हैं। इन पकड़े गए वाहनों को पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। इसके अतिरिक्त 29 जनवरी को अवैध उत्खनन मामले में एक भारी-भरकम चेन माउंटेड पोकलेन मशीन को भी जब्त कर सुपुर्दगी में लिया गया है। जब्त किए गए इन वाहनों के चालकों और मालिकों का संबंध बस्तर, तोकापाल, बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों से है, जो बिना वैध दस्तावेजों के खनिज संपदा की ढुलाई कर रहे थे।

इस अभियान का सबसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील पहलू तहसील बकावंड के बनियागांव में देखने को मिला, जहाँ प्रशासन को रेत के अवैध उत्खनन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जाँच दल ने मौके पर पाया कि भस्कली नदी के तट पर, जो छत्तीसगढ़ और ओडिशा की अंतर्राज्यीय सीमा है, वहां नियमों को ताक पर रखकर बड़े पैमाने पर रेत का खनन किया जा रहा था। खनिज अमले ने त्वरित और सूझबूझ भरी कार्यवाही करते हुए न केवल यहाँ चल रहे अवैध कारोबार को रोका, बल्कि पोकलेन मशीन की मदद से उस रास्ते को ही पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया, जिसका इस्तेमाल माफिया सीमा पार परिवहन के लिए कर रहे थे।


अन्य पोस्ट