बस्तर
आधारभूत संरचनाओं के विकास के लिए विभागीय समन्वय जरूरी- आईजी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 3 फरवरी। कमिश्नर डोमन सिंह और आईजी सुंदरराज पी. द्वारा मंगलवार को कमिश्नर कार्यालय के सभा कक्ष में संभाग में किए जा रहे विभागी निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान कमिश्नर श्री सिह ने कहा -संभाग के जिलों में विकासात्मक गतिविधियों में हुई प्रगति से ग्रामीणजनों में बहुत हर्ष है। जिलों में नए सुरक्षा कैम्पों के समीप के गांवों मे हुए विकास से ग्रामीण जनों को सडक़, पेयजल, विद्युत व्यवस्था के साथ-साथ शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का लाभ मिला है। साथ ही कई जगहों पर नए मार्केट भी संचालित होने लगे हैं। मिल रही सुविधा का ग्रामीणजन आभार व्यक्त करते रहते हंै।
इस अवसर पर आईजी सुंदरराज पी. ने कहा कि संभाग के जिलों में 58 नए सुरक्षा कैम्प की स्थापना से आधारभूत संरचनाओं के विकास को गति मिली है। संरचनाओं के विकास के लिए विभागीय समन्वय आवश्यक है। पुलिस एवं सुरक्षाबलों द्वारा आवश्यकतानुसार निर्माण कार्यों के लिए सुरक्षा दी जाती रही है। अब परिस्थितिया में बदलाव आ रहा है तो मानसुन से पहले विकास कार्यो को गति देते हुए पुर्ण किया जाना चाहिए।
बैठक में कमिश्नर और आईजी ने बीजापुर, नारायणपुर, सुकमा, दंतेवाड़ा जिलों में लोक निर्माण विभाग के सडक़ों, प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ योजना के प्राथमिकता वाले मार्गो के निर्माण को संबधित विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पेयजल आपुर्ति, विद्युत आपुर्ति, वन विभाग से संबधित मामलों और ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ परियोजना से संबधित मामलों पर चर्चा की गई।
बैठक में सीसीएफ बस्तर आलोक तिवारी, सीसीएफ कांकेर राजेश चंदेल, मुख्य अभिंयता लोक निर्माण विभाग लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, छत्तीसगढ़ विद्युत मण्डल जगदलपुर, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ परियोजना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


