बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 2 फरवरी। बस्तर जिले की नगरनार पुलिस ने एक आरोपी को करीब 11 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 31 जनवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ओडिशा से धनपुंजी मार्ग के रास्ते अवैध गांजा लेकर बिक्री के लिए आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम धनपुंजी फारेस्ट नाका एनएच-63 के पास नाकाबंदी कर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच शुरू की।
इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिये का व्यक्ति जगदलपुर जाने वाले वाहन में बैठने की कोशिश करते दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संतोष बसोड़ मध्यप्रदेश बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के काले रंग के पि_ू बैग से दो पैकेट में भरा कुल 10.980 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5,49,000 रुपये बताई गई है। साथ ही आरोपी से 530 रुपये नगद भी जब्त किए गए। कुल जब्त सामग्री की कीमत 5,49,530 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) के तहत अपराध दर्ज कर उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग तथा नगर पुलिस अधीक्षक अमित देवांगन के निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में की गई।


