बस्तर

अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार
01-Feb-2026 10:56 PM
अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 1 फरवरी। बस्तर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय चोरी करने वाले गिरोह को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। यह गिरोह शहर के सूने मकानों में चोरी करता था। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 15 लाख रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद की है।

पुलिस के अनुसार यह मामला थाना कोतवाली क्षेत्र के सनसिटी, बोधघाट और वृंदावन कॉलोनी से जुड़ा हुआ है। आरोपियों में पंजाब और भिलाई के निवासी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक खंडारा पंजाब), नरेन्द्र सिंह (भिलाई), विशाल वाल्मीकि (हरियाणा) और विक्की कुमार वर्मा (भिलाई) के रूप में हुई है। इनमें से एक आरोपी के खिलाफ सात से अधिक आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों से 2 सोने के मंगलसूत्र, 2 सोने की चेन, 1 सोने का लॉकेट, 4 जोड़ी सोने के कान के रिंग, 7 सोने की लेडीज अंगूठी, 1 जेंट्स सोने की अंगूठी, 2 चांदी की पायल, गणेश व दुर्गा की मूर्ति, 70 हजार रुपये नगद, एक बोलेरो वाहन और 3 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले सूने मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद एक आरोपी औजार और वॉकी-टॉकी लेकर घर के अंदर घुसकर चोरी करता था, जबकि दूसरा आरोपी बाहर खड़े होकर वॉकी-टॉकी के जरिए निगरानी और सूचना देता था।

घटना का खुलासा कैसे हुआ

29 जनवरी 2026 को सनसिटी और वृंदावन कॉलोनी में हुई चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना और पूछताछ के आधार पर आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग, नगर पुलिस अधीक्षक अमित देवांगन और डीएसपी साइबर गितिका साहू के पर्यवेक्षण में की गई।

पुलिस ने बताया कि गिरोह छत्तीसगढ़ के अलग-अलग शहरों में चोरी की वारदात को अंजाम दे चुका है और आगे भी ऐसी घटनाओं की योजना बना रहा था।


अन्य पोस्ट