महासमुन्द

पूर्व पार्षद की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नपा कर्मी हड़ताल पर
03-Dec-2024 3:11 PM
पूर्व पार्षद की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नपा कर्मी हड़ताल पर

 दो दिनों से पानी नहीं मिला, आधी रात बहा दिया हजारों गैलन पानी 

 प्लेसमेंट कर्मी पहले ही हड़ताल पर, जनता हलाकान 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 दिसंबर।
नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग से अभद्रता तथा मारपीट के विरोध तथा पूर्व पार्षद पंकज साहू की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नगर पालिका कर्मचारी संघ ने अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरु कर दिया है।

कल मिशन क्लीन सिटी की स्वच्छता दीदियों तथा  पालिका के सफाई कर्मचारियों ने पालिका दफ्तर के समक्ष धरना दिया तथा नारेबाजी की। फलस्वरूप कल से जनसेवा से जुड़ी तमाम सेवाएं प्रभावित  रही। कल सुबह, कल शाम,आज सुबह महासमुंद शहर में नल नहीं खुला। कल शाम स्ट्रीट बिजली भी नहीं जली। पता चला है कि आधी रात 12 से एक बजे के बीच शहर की तमाम टंकियों का पानी व्यर्थ ही बहा दिया गया। फलस्वरूप लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 

मिली जानकारी के अनुसार तीन दिन पूर्व नपाध्यक्ष राशि महिलांग तथा पूर्व पार्षद पंकज साहू के बीच पालिका दफ्तर में विवाद हुआ था। उसके बाद से शहर भर में इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही है। कल नगर पालिका कर्मचारी संघ ने अनिश्चितकालीन  आंदोलन शुरू कर दिया। फलस्वरूप पालिका की तमाम मूलभूत सुविधां, सफाई, पेयजल, बिजली सहित अन्य काम बुरी तरह से ठप हो गए।  कर्मचारी पंकज की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़े हुए हैं। 

ज्ञात हो कि पहले ही प्लेसमेंट कर्मचारी संघ की हड़ताल पिछले 13 दिनों से लगातार  जारी है। इसके पूर्व पहले भी पालिका कर्मी हड़ताल पर थे। अनिश्चितकालीन हड़ताल के चलते मणिकंचन केंद्र के रिक्शे लोगों के दरवाजे तक  कचरा कलेक्शन करने नहीं पहुंच रहे हैं। लिहाजा घरों में कचरा जाम है। शहर की सडक़ों आदि की सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित है।  इस संबंध में नगर पालिका अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया,  लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। 
---------------------


अन्य पोस्ट