सूरजपुर

जजावल में धान खरीदी केंद्र की मांग, किसानों ने की आवाज बुलंद
28-Nov-2024 8:43 PM
जजावल में धान खरीदी केंद्र की मांग, किसानों ने की आवाज बुलंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

प्रतापपुर, 28 नवंबर। जजावल गांव के किसानों और ग्रामीणों ने धान खरीदी केंद्र की स्थापना और अन्य समस्याओं को लेकर अपनी आवाज बुलंद की है। सूरजपुर जिले के कलेक्टर एस. जयवर्धन के जजावल दौरे के दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं और मांगें स्पष्ट रूप से रखीं, लेकिन कलेक्टर द्वारा दिए गए आश्वासनों से किसान संतुष्ट नहीं दिखे।

ग्रामीणों ने एकजुट होकर कहा कि जजावल में धान खरीदी केंद्र खोला जाए। उनका कहना है कि चंदौरा जाकर धान बेचने से उन्हें भारी परेशानी होती है।

किसानों ने कहा कि यदि जजावल में धान खरीदी केंद्र नहीं खोला जाता, तो उनका कर्ज माफ किया जाए।

सडक़ मरम्मत नहीं, धान परिवहन की व्यवस्था हो

ग्रामीणों ने खराब सडक़ों की मरम्मत के लिए 15वें वित्त आयोग की राशि खर्च करने का विरोध किया। उनका तर्क है कि सडक़ की मरम्मत से समस्याएं खत्म नहीं होंगी, बल्कि मिट्टी डालने से सडक़ और अधिक खराब हो जाएगी, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ेगी। उन्होंने मांग की कि यह राशि किसानों के धान परिवहन पर खर्च की जाए।

कलेक्टर का आश्वासन और किसानों की प्रतिक्रिया

कलेक्टर एस. जयवर्धन ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए सडक़ मरम्मत का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि 15वें वित्त आयोग की धनराशि से सडक़ों की स्थिति सुधारी जाएगी।

हालांकि, किसानों ने इस आश्वासन को नकारते हुए कहा कि उनकी प्राथमिक मांग धान खरीदी केंद्र खोलने की है। सडक़ की मरम्मत उनके लिए समाधान नहीं है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारी उनकी समस्याओं को अनदेखा कर रहे हैं और उनके आवाज को दबाने की कोशिश कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि जजावल के विकास के लिए ठोस कदम उठाए बिना केवल आश्वासन देना छलावा है।

किसानों की चेतावनी

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जजावल में धान खरीदी केंद्र नहीं खोला गया और उनकी अन्य मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो वे बड़े पैमाने पर प्रदर्शन करेंगे।


अन्य पोस्ट