सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 1 फरवरी। जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरभंज डैम के पास तीन दिन पूर्व मिली युवती की रक्तरंजित लाश के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 जनवरी को पिंकी सोलंकी घर से निकली थी। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों द्वारा उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। अगले दिन 30 जनवरी को मोरभंज डैम के पास जंगल में युवती का शव मिला, जिसका गला धारदार हथियार से रेत दिया गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हेमंत (24 वर्ष) मृतिका का प्रेमी था और उसे पत्नी की तरह लिव-इन रिलेशनशिप में रखे हुए था। आरोपी मृतिका के चरित्र पर शक करता था। 29 जनवरी को अपने जन्मदिन का बहाना बनाकर वह पिंकी को मोटरसाइकिल से मोरभंज डैम ले गया, जहां केक काटने और शराब सेवन के बाद उसने पहले स्टॉल से गला घोंटा और फिर धारदार चाकू से गला रेतकर उसकी नृशंस हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी हथियार को पानी में फेंककर मौके से फरार हो गया।
परिजनों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू व मोटरसाइकिल जब्त कर ली है।
आरोपी हेमंत सोलंकी निवासी पांडोपारा पटना (जिला कोरिया), स्थायी पता कुसमुसी, थाना भैयाथान, जिला सूरजपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1), 238 के तहत कार्रवाई की है।


