सूरजपुर

दसवीं बटालियन के समीप सडक़ हादसे में आरक्षक की मौत
03-Feb-2026 11:02 PM
दसवीं बटालियन के समीप सडक़ हादसे में आरक्षक की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,3 फरवरी। अंबिकापुर-बिश्रामपुर मुख्य मार्ग पर दसवीं वाहिनी बटालियन के समीप सोमवार रात हुए सडक़ हादसे में बिश्रामपुर थाने में पदस्थ वरिष्ठ आरक्षक अभय पांडेय की मौत हो गई। हादसा रात करीब 8.30 बजे हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सरगुजा संभाग के पुलिसकर्मियों का वर्तमान में अलग-अलग प्रशिक्षण केंद्रों में फिटनेस कोर्स चल रहा है। सूरजपुर जिले के पचीरा निवासी अभय पांडेय भी दसवीं वाहिनी बटालियन में फिटनेस कोर्स कर रहे थे। सोमवार रात वे बाइक से दैनिक उपयोग का सामान खरीदने सिलफिली बाजार जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-43 पर बटालियन के सामने किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही जयनगर पुलिस तथा दसवीं बटालियन के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और शव को उठवाकर देर रात मच्र्युरी में रखवाया गया। मंगलवार को पंचनामा व पोस्टमार्टम के बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया। जयनगर पुलिस ने मामले में दसवीं बटालियन के पुलिस कर्मी राजेंद्र सिंह की रिपोर्ट पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी पता-तलाश में जुट गई है।

बताया गया कि अभय पांडेय 2006 बैच के आरक्षक थे। वे अपने पीछे माता-पिता, पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके अंतिम संस्कार में बिश्रामपुर टीआई प्रकाश राठौर सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं परिजन मौजूद रहे और उन्हें अंतिम विदाई दी।

अभय पांडेय, गौ रक्षा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज पांडेय तथा होटल व्यवसायी प्रवीण पांडेय (भोलू) के भाई थे।


अन्य पोस्ट