बालोद

अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, भडक़ीं महिलाएं, भाजपा महिला पार्षद को घसीटा, सडक़ पर गिराकर पीटा, जुर्म दर्ज
13-Jul-2024 6:22 PM
अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, भडक़ीं महिलाएं, भाजपा महिला पार्षद को घसीटा, सडक़ पर गिराकर पीटा, जुर्म दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दल्लीराजहरा, 13 जुलाई। शुक्रवार को अवैध निर्माण को तोडऩे को लेकर महिलाओं और पार्षद के बीच तीखा विवाद हुआ, जिसमें अतिक्रमण हटाने पर महिलाओं ने भाजपा की महिला पार्षद को घर से निकाल धक्का देकर सडक़ पर घसीटा और पीटा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

 इस मामले में पार्षद की शिकायत पर गुरुर पुलिस चार लोगों के खिलाफ कई धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच में जुटी है।

बालोद जिले के गुरुर नगर में शुक्रवार सुबह से पुलिस और प्रशासन द्वारा बाजार चौक में बने कॉम्प्लेक्स को तोड़ा गया। पूरा शहर छावनी में तब्दील रहा। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही।

वहीं, नगर के व्यापारी इसका विरोध कर रहे थे। महिलाएं यहां पर रोने लगी और इस बीच बुलडोजर कार्रवाई जारी रही। पूरे मामले पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा है। कांग्रेस ने कहा कि यहां पर प्रशासन द्वारा किसी तरह से व्यापारियों को नोटिस नहीं दिया गया है केवल 24 घंटे का समय देकर इसे तोड़ दिया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार व्यापारी संघ द्वारा शहर में कांप्लेक्स बनाया जा रहा था। जिस पर भाजपा द्वारा आपत्ति दर्ज कराई गई थी। जिसके बाद अब तोडऩे की कार्रवाई की जा रही है। सुबह से पुलिस के आला अधिकारी सभी मौजूद हैं। शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है।

कांग्रेस विधायक संगीता सिन्हा यहां पहुंची। उन्होंने इस कार्रवाई को लेकर प्रशासन और भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यहां पर भाजपा सरकार के दबाव में शासन काम कर रहा है। यहां पर व्यापारियों को नोटिस नहीं दिया गया। सीधे कार्रवाई की जा रही है और यह कॉम्प्लेक्स व्यापारियों की भविष्य के लिए था।


अन्य पोस्ट