बिलासपुर

छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस से गिरकर गेट पर खड़े सफाई कर्मचारी की मौत
24-Mar-2026 11:40 AM
छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस से गिरकर गेट पर खड़े सफाई कर्मचारी की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 24 मार्च। अमृतसर से बिलासपुर आ रही छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में ड्यूटी कर रहा सफाई कर्मचारी अचानक नीचे गिर गया और दूसरी ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक लोरमी के बाजारपारा निवासी 40 वर्षीय हरि शुक्ला था। वह ट्रेन में तैनात ओबीएचएस (ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस) स्टाफ था।

बताया जा रहा है कि हरि शुक्ला ट्रेन के गेट पर खड़ा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया। इसी दौरान पास से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ट्रेन में साथ काम कर रहे सफाई कर्मचारी नरेंद्र श्रीवास ने बताया कि हरि शुक्ला गेट से अचानक गिर गया। गिरते ही वह दूसरी ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी जान नहीं बच पाई।

जानकारी के मुताबिक, अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस अपने तय समय से काफी देरी से चल रही थी। रायपुर और बिल्हा के बीच कोचिंग डिपो के पास ट्रेन कुछ देर के लिए रुकी थी। उसी दौरान यह हादसा हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। हेड कांस्टेबल योगेंद्र सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों ने मौके का मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मालूम हो कि ओबीएचएस के तहत निजी कंपनियों के कर्मचारी ट्रेनों में सफाई का काम करते हैं। ये कर्मचारी यात्रियों के अनुरोध पर सफाई करने के लिए ट्रेन के अलग-अलग डिब्बों में आते-जाते रहते हैं।


अन्य पोस्ट