बिलासपुर

5 लाख का नकली सिगरेट जब्त, ग्राहक थी आईटीसी की टीम
16-Apr-2026 2:37 PM
5 लाख का नकली सिगरेट जब्त, ग्राहक थी आईटीसी की टीम

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 16 अप्रैल। शहर में नकली गोल्ड फ्लैक सिगरेट के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। व्यापार विहार के मालधक्का इलाके से शहरभर में सप्लाई हो रही इन सिगरेटों पर इंपीरियल टोबैको कंपनी की विशेष टीम ने ग्राहक बनकर कार्रवाई की और करीब 5 लाख रुपये का माल जब्त कराया। मामले में सिविल लाइंस पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, आईटीसी लिमिटेड दिल्ली को पहले से सूचना मिल रही थी कि शहर में नकली सिगरेट की सप्लाई हो रही है। इसी इनपुट के आधार पर टीम बिलासपुर पहुंची और अलग-अलग पान दुकानों से सिगरेट के सैंपल जुटाए। जांच में यह पुष्टि हुई कि बाजार में बिक रही कई सिगरेट नकली हैं।

इसके बाद टीम ने दुकानदारों से पूछताछ कर सप्लाई चेन का पता लगाया। ग्राहक बनकर ऑर्डर देने पर एक व्यापारी ने उन्हें महाराणा प्रताप चौक के पास निगम कॉलोनी स्थित एक होलसेल दुकान का पता दिया, जहां से सिगरेट की सप्लाई हो रही थी।

बताए गए स्थान पर पहुंचकर टीम ने स्टॉक की जांच की और असली उत्पाद से मिलान किया। जांच में स्पष्ट हुआ कि दुकान में रखी गई सिगरेट पूरी तरह नकली है। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया और जब्त माल को सिविल लाइंस थाना ले जाया गया।

पुलिस के अनुसार, शहर में रोजाना करीब 2 लाख रुपये की नकली सिगरेट की बिक्री हो रही है। यह माल छोटे-बड़े दुकानदारों तक थोक में पहुंचाया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान कई व्यापारी थाने पहुंच गए और देर रात तक वहां भीड़ लगी रही। कुछ लोगों द्वारा दबाव बनाने की कोशिश की।

थाना प्रभारी एस.आर. साहू ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी।

 


अन्य पोस्ट