बिलासपुर

पुलिस अब मोहल्ले तक पहुंच रही, कप्तान ने जनता से किया सीधा संवाद
24-Mar-2026 12:42 PM
पुलिस अब मोहल्ले तक पहुंच रही, कप्तान ने जनता से किया सीधा संवाद

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 24 मार्च। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र की अम्बा कॉलोनी में सोमवार को पुलिस और जनता आमने-सामने बैठे। इस बैठक में पुलिस के बड़े अधिकारी खुद पहुंचे और लोगों से सीधे उनकी समस्याएं सुनीं। आम नागरिकों ने बिना झिझक अपनी बातें खुलकर रखीं।

बैठक में कानून-व्यवस्था, असामाजिक गतिविधियां, ट्रैफिक की परेशानी और मोहल्ले की छोटी-बड़ी दिक्कतों पर विस्तार से बात हुई। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने अपने अनुभव साझा किए और सुधार के सुझाव भी दिए। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि हर शिकायत पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मौजूद एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि अब बीट सिस्टम सिर्फ कागजों में नहीं, बल्कि जमीन पर दिखना चाहिए। बीट प्रभारी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए कि वे नियमित रूप से अपने-अपने इलाकों में जाएं, लोगों से सीधे संपर्क बनाएं और समय रहते समस्याओं को हल करें।

अधिकारियों ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच भरोसा मजबूत होना सबसे जरूरी है। इसके लिए हर स्तर पर संवाद बढ़ाया जाएगा और लोगों को यह भरोसा दिलाया जाएगा कि पुलिस उनकी मदद के लिए हमेशा मौजूद है।

यह बैठक जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य बीट सिस्टम को और प्रभावी बनाना है। पुलिस चाहती है कि हर मोहल्ले में उसकी मौजूदगी महसूस हो और लोगों को सुरक्षा का भरोसा मिले।


अन्य पोस्ट