बिलासपुर

शुरू हुई पीएम-राहत योजना, सड़क हादसे के तुरंत बाद मिलेगा 1.5 लाख तक फ्री इलाज
24-Mar-2026 11:45 AM
शुरू हुई पीएम-राहत योजना, सड़क हादसे के तुरंत बाद मिलेगा 1.5 लाख तक फ्री इलाज

पहला केस रतनपुर से मिला, पुलिस लाइन में हुआ प्रशिक्षण कार्यक्रम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 24 मार्च। सड़क हादसे में घायल होने पर अब पैसों की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। बिलासपुर जिले में पीएम-राहत योजना लागू कर दी गई है, जिसके तहत दुर्घटना पीड़ितों को 1.50 लाख रुपए तक का कैशलेस इलाज मिलेगा। इसका मकसद है कि हादसे के बाद गोल्डन ऑवर यानी पहले एक घंटे में तुरंत इलाज मिल सके और ज्यादा से ज्यादा जान बचाई जा सके।

इस योजना को सही तरीके से लागू करने के लिए 23 मार्च को बिलासागुड़ी पुलिस लाइन में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य और सड़क सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

एसएसपी रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में यह पूरा कार्यक्रम हुआ, जिसमें योजना की बारीकियों को आसान भाषा में समझाया गया। प्रशिक्षण में अधिकारियों को टीएमएस, आई रैड और ई डार पोर्टल पर डेटा एंट्री करने की पूरी प्रक्रिया सिखाई गई। एनआईसी के विशेषज्ञ ने लाइव डेमो देकर बताया कि हादसे के बाद किस तरह से जानकारी दर्ज करनी है, ताकि पीड़ित को जल्दी लाभ मिल सके।

इस योजना के तहत बिलासपुर में पहला केस रतनपुर थाना क्षेत्र में दर्ज किया गया। सड़क हादसे में घायल अमर सिंह को आरोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका रजिस्ट्रेशन किया गया।

पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पूरी प्रक्रिया पूरी कर ई डार पोर्टल पर जानकारी अपलोड की, जिससे इलाज की राशि जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो सकी।

जिले में फिलहाल 172 अस्पताल जिनमें आयुष्मान भारत से जुड़े अस्पताल भी शामिल हैं, इस योजना से जुड़े हैं। इन अस्पतालों में दुर्घटना पीड़ितों को तुरंत भर्ती कर कैशलेस इलाज दिया जाएगा।

योजना के तहत हादसे के 24 घंटे के अंदर अस्पताल में भर्ती जरूरी है। साथ ही पोर्टल पर 24 घंटे में रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। पुलिस द्वारा 24 से 48 घंटे के भीतर सत्यापन किया जाएगा। गंभीर मरीजों के लिए 48 घंटे तक स्थिरीकरण इलाज सुनिश्चित भी किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद पहला एक घंटा सबसे अहम होता है। इस दौरान सही इलाज मिलने पर जान बचने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।

बिलासपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क हादसा होने पर घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं। समय पर इलाज मिलने से न सिर्फ जीवन बचता है, बल्कि अब सरकार की योजना से आर्थिक बोझ भी नहीं पड़ेगा।


अन्य पोस्ट