बिलासपुर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 24 मार्च। मुंगेली जिले की कोटा-लोरमी-पंडरिया स्टेट हाईवे को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार ने राशि की मंजूरी दी है। करीब 84 करोड़ 89 लाख 35 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की गई है, जिससे 11 किलोमीटर सड़क को मजबूत किया जाएगा और साथ ही नए पुलों का निर्माण भी होगा।
यह काम केंद्र सरकार की सेंट्रल रोड फंड योजना के तहत किया जाएगा। इससे इलाके में आवागमन आसान होगा और लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। उपमुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कहा है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि अगर कहीं भी काम में कमी पाई गई, तो जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लोक निर्माण विभाग ने मुख्य अभियंता को निर्देश दिए हैं कि तय समय के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाए और काम शुरू किया जाए। साथ ही, निर्माण कार्य समय पर खत्म हो, इसकी भी सख्त हिदायत दी गई है। विभाग ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि काम की समय-सीमा बिना वजह नहीं बढ़ाई जाएगी। केवल ऐसे मामलों में ही समय बढ़ाया जाएगा, जहां कारण पूरी तरह जायज और नियंत्रण से बाहर हों।


