बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 24 मार्च। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने इस वित्तीय वर्ष 2025-26 में ऐसा प्रदर्शन किया है, जिसने नया इतिहास बना दिया। रेलवे ने 21 मार्च 2026 को सिर्फ 355 दिनों में ही सबसे ज्यादा मालभाड़ा कमाई का रिकॉर्ड बना लिया। खास बात यह है कि पिछले साल यही उपलब्धि 365 दिन में हासिल हुई थी।
22 मार्च 2026 तक एसईसीआर ने 29,493.59 करोड़ रुपए की रिकॉर्ड मालभाड़ा कमाई दर्ज की है। इस उपलब्धि के साथ यह भारतीय रेलवे का सबसे ज्यादा कमाई करने वाला ज़ोन बन गया है।
कुल मालभाड़ा कमाई में एसईसीआर की हिस्सेदारी 17.13 प्रतिशत रही, जो इसकी मजबूत पकड़ को दिखाती है। रेलवे जोन ने इस साल पिछले साल की तुलना में 1,026 करोड़ रुपए (3.6 प्रतिशत) ज्यादा कमाई की है।
माल ढुलाई के पैमाने एनटीकेएम (नेट टन किलोमीटर) में भी एसईसीआर ने झंडा गाड़ दिया है।
20 मार्च 2026 को 354 दिनों में ही नया रिकॉर्ड बना लिया गया, जो पिछले साल से 11 दिन पहले है।
22 मार्च तक यह आंकड़ा 146.75 बिलियन एनकेटीएम पहुंच गया, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।
रेलवे की ओर से कहा गया कि उसके इस प्रदर्शन से देश के उद्योगों को सीधा फायदा मिला है। कोयला, स्टील, सीमेंट जैसे जरूरी सामान की तेज और समय पर ढुलाई से उद्योगों की गति बढ़ी है।
एसईसीआर में लगातार इंफ्रास्ट्रक्चर पर काम हो रहा है। कई रूट्स पर तीसरी और चौथी रेल लाइन शुरू की गई है, जिससे ट्रेनों की आवाजाही आसान हुई है। इससे मालगाड़ियों के साथ-साथ यात्री ट्रेनों की समयबद्धता भी बेहतर हुई है। सिर्फ माल ढुलाई ही नहीं, बल्कि यात्रियों की सुविधा पर भी रेलवे ने ध्यान दिया है। त्योहार और छुट्टियों के समय अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, ताकि लोगों को कन्फर्म सीट मिल सके।
रेलवे जोन महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने कहा कि यह सफलता अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत, बेहतर योजना और आधुनिक सिस्टम का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी इसी तरह बेहतर काम जारी रहेगा, जिससे भारतीय रेलवे और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती रहेगी।


