बिलासपुर

तोखन साहू ने झारखंड के विकास के लिए भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन की अपील की
07-Nov-2024 2:32 PM
तोखन साहू ने झारखंड के विकास के लिए भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन की अपील की

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 7 नवंबर। आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने बुधवार को झारखंड के चतरा और लातेहार जिलों का दौरा कर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करते हुए जनता से समर्थन की अपील की। साहू ने चतरा से भाजपा प्रत्याशी हरिकिशन और लातेहार से प्रत्याशी प्रकाश राम के समर्थन में जनसभाएं कीं और कहा कि इन दोनों प्रत्याशियों का उद्देश्य अपने-अपने क्षेत्रों का समग्र विकास करना है, और उनके सहयोग से झारखंड की उन्नति सुनिश्चित होगी।

साहू ने मणिका विधानसभा क्षेत्र में एक पंचायत सभा को संबोधित करते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस पर तीखा हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने अपने कार्यकाल में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया और विकास कार्यों को अवरुद्ध कर दिया। साहू ने कहा, ‘यह गठबंधन सिर्फ सत्ता हासिल करने के लिए भ्रष्टाचार में लिप्त है और जनता को धोखा देता रहा है। उनके कार्यकाल में किए गए सभी दावे झूठे साबित हुए हैं और विकास कार्यों की उपेक्षा की गई है।’

साहू ने कहा कि केंद्र सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने के प्रयास कर रही है और झारखंड का विकास तभी संभव है जब सभी मिलकर इस यात्रा में सहभागी बनें। साहू ने झारखंड को सशक्त बनाने का संकल्प दिलाते हुए कहा, ‘सशक्त झारखंड ही सशक्त भारत का निर्माण करेगा।’


अन्य पोस्ट