बिलासपुर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 19 सितंबर। केंद्रीय रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और भाजपा समर्थित शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ के बयानों के खिलाफ कांग्रेस ने नेहरू चौक पर पुतला दहन किया। पुलिस ने पुतला छीनने की कोशिश की, लेकिन कांग्रेसियों ने उसे आग के हवाले कर दिया। पुलिस पुतला बुझाने के लिए पानी की बोतलों के साथ भागती नजर आई, लेकिन वे असफल रहे।
इस विरोध प्रदर्शन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय पांडेय, विधायक दिलीप लहरिया, महापौर रामशरण यादव, पूर्व विधायक रश्मि सिंह और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। विजय पांडेय ने अपने भाषण में मोदी सरकार पर भ्रष्टाचार और देश की संपत्ति बेचने का आरोप लगाया। उन्होंने रवनीत बिट्टू के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर प्रधानमंत्री इससे सहमत नहीं हैं, तो उन्हें मंत्री से इस्तीफा लेना चाहिए था।
विधायक दिलीप लहरिया ने भाजपा और नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए कहा कि उनकी सरकार अब असफल हो चुकी है और गालियों का सहारा ले रही है, जो अनुराग ठाकुर और कपिल मिश्रा जैसे नेताओं के बयानों में साफ दिखता है।
महापौर रामशरण यादव ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि अब देश में लोकतंत्र समाप्त होता दिख रहा है, और नेताओं पर हमले की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के मंत्री और विधायक जो भी अपमानजनक बयान दे रहे हैं, उनके पीछे सरकार की मूक सहमति है।