बिलासपुर

तेज रफ्तार वाहन से कुचलकर मगरमच्छ की मौत, वन अमला नहीं पहुंचा
02-Sep-2024 1:44 PM
तेज रफ्तार वाहन से कुचलकर मगरमच्छ की मौत, वन अमला नहीं पहुंचा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 2 सितंबर। एक तेज रफ्तार वाहन ने विशाल मगरमच्छ को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रविवार सुबह जब ग्रामीणों ने सडक़ पर मगरमच्छ का शव देखा, तो हडक़ंप मच गया। घंटों तक मगरमच्छ का शव वहीं पड़ा रहा, लेकिन वन विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।

यह घटना बेलतरा क्षेत्र के जाली गांव के पास हुई, जहां खूंटाघाट बांध से अक्सर मगरमच्छ भोजन की तलाश में बाहर निकलते हैं। रविवार को भी एक मगरमच्छ बांध से निकलकर सडक़ पार कर रहा था, तभी उसे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया। इस हादसे की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

ग्रामीणों ने बताया कि यह मगरमच्छ अक्सर पुरेनहा तालाब में आता था, और उसी दौरान हादसे का शिकार हो गया। वहीं, रतनपुर वन विभाग के अधिकारी देव ठाकुर ने कहा कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं है। मगरमच्छ का शव घंटों सडक़ पर पड़ा रहा, लेकिन वन विभाग का कोई स्टाफ वहां नहीं पहुंचा।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही रतनपुर क्षेत्र में एक विशाल मगरमच्छ एक किसान के खेत में मिला था। उस समय भी वन विभाग की अनुपस्थिति में ग्रामीणों ने खुद रेस्क्यू कर मगरमच्छ को सुरक्षित बांध में छोड़ा था।


अन्य पोस्ट