बिलासपुर

जादू-टोना के अंधविश्वास के चलते महिला की हत्या, आरोपी युवक गिरफ्तार
18-Aug-2024 1:46 PM
जादू-टोना के अंधविश्वास के चलते महिला की हत्या, आरोपी युवक गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अकलतरा, 18 अगस्त।
नगर के खोड़ मार्ग पर शुक्रवार को एक अधेड़ महिला का शव संदिग्ध हालात में झाडिय़ों में मिला, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। पुलिस ने महिला सुखमनी बाई की गला दबाकर हत्या करने वाले आरोपी सूरज बंजारे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी युवक ने अपने बयान में कहा कि उसे अंधविश्वास था कि उसकी मां की असामयिक मौत इस महिला के जादू-टोना करने के कारण हुई थी। इसी गुस्से में उसने महिला की हत्या कर दी और उसके शव के साथ क्रूरता भी की।

पुलिस जांच के दौरान महिला के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह गुरुवार रात करीब आठ बजे घर से निकली थी, जिसके बाद वह घर नहीं लौटी।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया, और शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया, जिसने हत्या की बात स्वीकार की। आरोपी का कहना था कि उसकी मां की मौत महिला के जादू-टोने के कारण हुई थी, और इसी अंधविश्वास में उसने यह जघन्य अपराध कर डाला।

पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, और मामले की आगे की जांच जारी है।
 


अन्य पोस्ट