बिलासपुर

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता यूनियन के समीर अध्यक्ष बने, अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान
01-Nov-2022 10:10 AM
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता यूनियन के समीर अध्यक्ष बने, अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

राजनांदगांव, 1 नवंबर। सीटू से संबद्ध आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका यूनियन का सातवां राज्य सम्मेलन में 29 सदस्यीय राज्य समिति का चुनाव किया। समीर कुरैशी इस यूनियन के नए अध्यक्ष और संगीता महंत महासचिव चुनी गईं।

29-30 अक्टूबर को आयोजित इस सम्मेलन का उदघाटन दिल्ली से आईं अखिल भारतीय आंगनबाड़ी फेडरेशन की नेता वीणा गुप्ता ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आइसीडीएस के निजीकरण को बढ़ावा देने वाली मोदी सरकार की कॉर्पोरेटपरस्त नीतियों के कारण देश की 27 लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की रोजी-रोटी खतरे में है। दूसरी ओर हमारे देश के करोड़ों कुपोषित बच्चों का और गर्भवती माताओं का भविष्य भी अंधकारमय है। इन नीतियों के विरोध में और न्यूनतम वेतन की मांग को लेकर आगामी बजट सत्र में दिल्ली में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता महापड़ाव का आयोजन करेगी।

सम्मेलन में चर्चा का निष्कर्ष था कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को खेलने के लिए पर्याप्त खिलौने नहीं दिए जाते। उन्हें ईंधन का बहुत कम पैसा मिलता है, जबकि उन्हें खाना पकाने के लिए सरकारी खर्च पर गैस सिलेंडर मिलना चाहिए। छत्तीसगढ़ में तो उन्हें न तो आंगनबाड़ी केन्द्रों की साफ-सफाई के लिए सरकार से पैसा मिलता है और न ही बिजली बिल पटाने के लिए पैसे मिलते हैं। पिछले 6 साल से उनका मानदेय भी नहीं बढ़ा है। उन्होंने कांग्रेस सरकार से अपने चुनावी वादे पूरे करने की मांग की। एक जैसे कामों के लिए पूरे देश में एक जैसा मानदेय देने की मांग करते हुए उन्होंने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का अपना इरादा दोहराया।

सम्मेलन में कार्यकारी अध्यक्ष मनोरंजन टोपी, उपाध्यक्ष राजेंद्र झा, रितु शालिनी, रंभा पवार, सावित्री सिंह तथा सरला शर्मा, सचिव रत्ना साहू, जमुना बंदे, सुनीता मंडावी, लीलावती तथा ईश्वरी साहू, कोषाध्यक्ष शैलेंद्र कोसरे, सह कोषाध्यक्ष धनेश्वरी दुबे तथा कार्यकारिणी सदस्य केशव गोस्वामी, देवदास, चित्रलेखा साहू, पुष्पा दास, सरोज टोप्पो, चेतना मंडावी व अनार ठाकुर चुने गए।


अन्य पोस्ट