बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 23 फरवरी। शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला पिपरिया विकासखंड साजा में वार्षिक खेल महोत्सव का आयोजन बड़े उत्साह और उमंग के साथ किया गया। इस खेल महोत्सव में कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढक़र भाग लिया। विद्यालय परिसर में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाला के प्रधान पाठक नरसिंह लहरें एवं प्राथमिक प्रधान पाठक डोगेन्द्र वर्मा के द्वारा किया गया। विद्यार्थियों ने दौड़, आलू दोड़, बोरा दौड़, मेंढक़ दौड़,सुरिली कुर्सी, कबड्डी, खो-खो, तथा अन्य विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों में खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम एवं द्वितीय स्थान के लिए मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। विजेता बच्चों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास झलक रहा था। इस अवसर पर शिक्षकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग है और इससे शारीरिक, मानसिक तथा सामाजिक विकास होता है।
कार्यक्रम के सफल संचालन में शाला परिवार के शिक्षक उत्तम साहू, खुमान साहू, कुलेश्वर ठाकुर एवं निखिल तिवारी का विशेष योगदान रहा। सभी शिक्षकों ने खेलों का संचालन, व्यवस्थापन और बच्चों का मार्गदर्शन कर कार्यक्रम को सफल बनाया। अंत में प्रधान पाठक डोगेंद्र वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न सह-शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। खेल महोत्सव के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रतिस्पर्धा की स्वस्थ भावना विकसित होती है। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर अभिभावकों एवं ग्रामवासियों ने विद्यालय परिवार की सराहना की। पूरा कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन और आनंद के वातावरण में संपन्न हुआ।


