बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 23 फरवरी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जन्मदिन पर भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी ने दिन की शुरुआत समाज के वरिष्ठ नागरिकों के साथ सादगी, सेवा और आत्मीयता के वातावरण में की। उन्होंने अपने आश्रम माँ गोदावरी आनंद वन आश्रम में निवासरत बुजुर्ग माताओं-पिताओं के बीच पहुँचकर केक काटा, उनका आशीर्वाद लिया तथा फल एवं मिठाई वितरित कर मुख्यमंत्री के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
इस अवसर पर योगेश तिवारी ने कहा कि हमारे बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, संस्कार और आशीर्वाद ही किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति होते हैं। मुख्यमंत्री के जन्मदिन को सेवा और सम्मान के साथ मनाना ही सच्ची शुभकामना है।
आश्रम में उपस्थित बुजुर्गों ने भी मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और प्रदेश की निरंतर प्रगति के लिए आशीर्वाद प्रदान किया। पूरा वातावरण भावनात्मक, श्रद्धापूर्ण और आत्मीयता से परिपूर्ण रहा।
योगेश तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास, सुशासन और जनसेवा की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके मार्गदर्शन में प्रदेश के साथ-साथ बेमेतरा जिला भी निरंतर प्रगति करेगा तथा किसानों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण समाज के कल्याण हेतु अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुँचेगा।
कल्पना योगेश तिवारी ने मुख्यमंत्री के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और सफल नेतृत्व की कामना करते हुए कहा कि उनका समर्पण और जनसेवा की भावना पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर लक्ष्मी नारायण, अनिल कांगो, जगदीश अग्रवाल, महेश बोवनी ,सकलदेव ,सुनील तिवारी, तुकाराम, मोहन दास नायर, मोहनलाल, ओमप्रकाश सोनी, प्रकाश चंद जैन, शांति लाल जैन, संजय, सन्त, प्रियांशु सहित सैकड़ों बुजुर्ग उपस्थित रहे।


