बेमेतरा

सीजी बोर्ड परीक्षा शुरु: डीईओ ने किया निरीक्षण
21-Feb-2026 4:13 PM
सीजी बोर्ड परीक्षा शुरु: डीईओ ने किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा,  21 फरवरी। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा संचालित 10वीं-12वीं बोर्ड की परीक्षा प्रारंभ हो गई है।

 20 फरवरी को जिला शिक्षा अधिकारी जीआर चतुर्वेदी के द्वारा कक्षा 12वीं की प्रथम दिवस जिले के दूरस्थ परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी जी आर चतुर्वेदी जी ने जिले के परीक्षा केंद्र सेजेस देवकर पहुंचे। इस परीक्षा केंद्र में कुल दर्ज संख्या 52 परीक्षार्थी में से सभी 52 परीक्षार्थी उपस्थित पाये गए। यहाँ एक भी परीक्षार्थी अनुपस्थित नहीं था।  सेजेस परपोड़ी में दर्ज परीक्षार्थी 68 में से सभी परीक्षार्थी उपस्थित पाये गए। परीक्षा शांतिपूर्वक संचालित पाया गया। इसके पश्चात हायर सेकेंडरी स्कूल कोंगियाकला विकासखंड साजा में निरीक्षण किया। यहां परीक्षार्थीयों की दर्ज संख्या 14 है। अभी परीक्षार्थी उपस्थित पाये गए। इसके पश्चात जिला शिक्षा अधिकारी ने परीक्षा केंद्र केहका का निरीक्षण किया। हायर सेकेंडरी स्कूल केहका में परीक्षार्थियों की कुल दर्ज संख्या 97 है जिसमें 96 उपस्थित पाये गए। जबकि एक परीक्षार्थी अनुपस्थित पाया गया। जिला शिक्षा अधिकारी ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय साजा तथा हाई स्कूल परसबोड का भी आकस्मिक निरीक्षण किया।

 निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षा केंद्रो में परीक्षाएं शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संचालित होते पाया गया।

 हायर सेकंडरी स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा कक्षा 12वीं विषय भौतिक एवं भूगोल विषय की परीक्षा संपन्न हुई। जिला शिक्षा अधिकारी के दल में विजय कुमार घृतलहरे व्याख्याता, इंदु शर्मा व्याख्याता, टिकेश्वरी देवांगन शिक्षिका भोज सिंह वर्मा संकुल समन्वयक शामिल रहे।

जिला शिक्षा अधिकारी जी आर चतुर्वेदी के द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि आगामी सभी परीक्षाएं शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराएंगे। किसी भी परीक्षा केंद्र में अव्यवस्था न हो इस बात का विशेष ध्यान रखें।


अन्य पोस्ट