बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 23 फरवरी। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2025 आज रविवार को जिले में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई।
प्रथम पाली में सामान्य ज्ञान प्रश्नपत्र प्रात:10 से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली में अभिरुचि परीक्षा दोपहर 03 बजे से सायं 05 बजे तक आयोजित की गई। जिले में कुल 1374 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। प्रथम पाली में 1145 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 229 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 1133 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए तथा 241 अनुपस्थित दर्ज किए गए। इस प्रकार दोनों पालियों में लगभग 84 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई।
तीन परीक्षा केंद्रों में सुव्यवस्थित संचालन
परीक्षा के सफल संचालन हेतु जिले में तीन मुख्य परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, पीजी कॉलेज, कन्या महाविद्यालय, बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय। केंद्र कोड 2501 में कुल 654 अभ्यर्थियों में से प्रथम पाली में 541 एवं द्वितीय पाली में 535 उपस्थित रहे। केंद्र कोड 2502 में 360 में से प्रथम पाली में 292 तथा द्वितीय पाली में 289 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। इसी प्रकार केंद्र कोड 2503 में 360 में से प्रथम पाली में 312 एवं द्वितीय पाली में 309 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई थीं।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था एवं जैमर का उपयोग
परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। सभी परीक्षा केंद्रों में जैमर लगाए गए थे, ताकि किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का दुरुपयोग न हो सके। आयोग द्वारा जारी 12 बिंदुओं के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया गया। पुलिस बल की तैनाती के साथ ही केंद्रों के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया गया था, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकी।
परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के सदस्य डॉ. प्रवीण वर्मा ने तीनों परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए जिला कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई, डिप्टी कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी पिंकी मनहर को बेहतर प्रबंधन के लिए धन्यवाद दिया। डॉ. वर्मा ने विशेष रूप से पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था एवं परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की सराहना की।
प्रशासनिक टीम रही मुस्तैद
नोडल अधिकारी पिंकी मनहर के नेतृत्व में संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में एसडीओपी विनय साहू, भूषण एक्का, तहसीलदार जयंत पाटेल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मुस्तैदी से तैनात रहे। जिला प्रशासन की सतर्कता, समन्वय और प्रभावी व्यवस्थाओं के चलते राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा जिले में पूर्णत: शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।


