बेमेतरा

शिक्षिका के व्यवहार से नाराज अभिभावकों - विद्यार्थियों ने स्कूल में जड़ा ताला
20-Feb-2026 4:22 PM
शिक्षिका के व्यवहार से नाराज अभिभावकों -  विद्यार्थियों ने स्कूल में जड़ा ताला

डीईओ ने शिक्षिका को किया निलंबित, तब शांत हुआ मामला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 20 फरवरी। बेमेतरा जिले के ग्राम खिलोरा स्थित प्राथमिक शाला में शिक्षिका के व्यवहार को लेकर अभिभावकों और विद्यार्थियों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया। अभिभावकों का कहना था कि वे लंबे समय से संबंधित शिक्षिका के व्यवहार और कार्यप्रणाली को लेकर प्रशासन से शिकायत कर रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व में कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा गया था। कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए अभिभावकों और विद्यार्थियों ने कुछ समय तक स्कूल के बाहर बैठकर विरोध दर्ज कराया।

बीईओ की समझाइश के बाद माने

सूचना मिलने पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी कामिनी महिलांग टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने अभिभावकों और विद्यार्थियों से चर्चा कर शिकायतें सुनीं और जांच तथा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ताला खोला गया और स्थिति सामान्य हुई।

प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी जी.आर. चतुर्वेदी ने शिक्षिका सुचिता निषाद को निलंबित कर दिया। शिक्षा विभाग के अनुसार, जांच में शिक्षिका के व्यवहार को लेकर शिकायतें दर्ज पाई गईं। वहीं, शिक्षिका सुचिता निषाद ने निलंबन की कार्रवाई पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि उन पर लगाए गए आरोप निराधार हैं और उन्हें अपना पक्ष रखने का अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि बिना कारण बताओ नोटिस और विस्तृत सुनवाई के निलंबन आदेश जारी किया गया है।

मामले में विभागीय प्रक्रिया जारी है।


अन्य पोस्ट