बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 19 दिसंबर। संत शिरोमणि, महान समाज सुधारक एवं मानवता के संदेशवाहक परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास की जयंती पर जिला बेमेतरा के ग्राम हसदा, दारगांव, बेरला, चांडी एवं मुड़पार (घटियाकला) में झंडारोहण, सतनाम संदेश शोभायात्रा एवं जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इन सभी आयोजनों में भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी श्रद्धा, सम्मान और सामाजिक समरसता की भावना के साथ सम्मिलित हुए।
पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। ग्राम मुड़पार में आयोजित मुख्य जयंती समारोह का शुभारंभ बाबा गुरु घासीदास के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना, दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया।
सतनाम संदेश शोभायात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, युवा, महिलाएं एवं समाज के वरिष्ठजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
इस अवसर पर भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी ने कहा बाबा गुरु घासीदास ने समाज को सत्य, अहिंसा और समानता का मार्ग दिखाया। उनका संदेश ‘मनखे-मनखे एक समान’ केवल एक वाक्य नहीं, बल्कि एक ऐसा जीवन-दर्शन है,जो समाज से भेदभाव, ऊँच-नीच और अन्याय को समाप्त करने की शक्ति रखता है।
उन्होंने कहा कि बाबा गुरु घासीदास ने अपने पूरे जीवन में सामाजिक कुरीतियों, छुआछूत और असमानता के विरुद्ध अडिग संघर्ष किया और मानवता को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया। आज के समय में, जब समाज अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब उनके विचार पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। नई पीढ़ी को संस्कारों से जोडऩे का सशक्त माध्यम है।
योगेश तिवारी ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि झंडारोहण, सतनाम संदेश शोभायात्रा एवं जयंती समारोह जैसे आयोजननई पीढ़ी को अपने महापुरुषों, संस्कृति और इतिहास से जोडऩे का कार्य करते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे बाबा गुरु घासीदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएँ और समाज में प्रेम, समरसता, सेवा और भाईचारे को सशक्त करें।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने बाबा गुरु घासीदास जी के बताए मार्ग पर चलने, सत्य के मार्ग को अपनाने, नशा, हिंसा और भेदभाव से दूर रहने तथा समाज में समानता, सौहार्द और एकता बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर संध्या परगनिहा, रेखा पोषण सिन्हा, प्रमोद बघेल, रामेश्वर गयगवाड़, रमेश भारती, अजय भारती, कैलाश जोशी,मनोज बंजारे, पंचम पटेल, जानकी अरुण बघेल, राजकुमारी राजेंद्र यादव, संतोषी भूषण मारखंडे, सतीश यादव, मीरा परमानंद, कंचन अजय सेनवानी, अरुण बघेल, रोहित बघेल, संजू सहित समाज के गणमान्य नागरिक, ग्रामवासी, जनप्रतिनिधि, किसान, युवा एवं महिला वर्ग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


