बेमेतरा

जनदर्शन में रिश्वतखोरी उजागर, लिपिक ने कलेक्टर के सामने किसान को लौटाए रुपए
17-Dec-2025 3:17 PM
जनदर्शन में रिश्वतखोरी उजागर, लिपिक ने कलेक्टर के सामने किसान को लौटाए रुपए

 रुपए लेने की बात भी स्वीकार की

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 17 दिसंबर। कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ एक लिपिक के द्वारा रिश्वत लेकर रिकार्ड दुरुस्त करने का गंभीर मामला सामने आया है। मंगलवार को आयोजित जनदर्शन के दौरान एक किसान ने खुले मंच से इसकी शिकायत की। शिकायत सामने आने पर कलेक्टर के समक्ष ही लिपिक ने राशि लेने के बाद स्वीकार की और मौके पर किसान को पैसे वापस कर दिए।

कलेक्टर ने पूरे मामले की जांच कर, कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रार्थी ने अधिकारी को बताया कि 10 दिसंबर को लिपिक हनी कश्यप ने फोन पर उन्हें कक्ष क्रमांक 74 में बुलाया था।

वहां एग्रीस्टैक में तत्काल पंजीयन करने का दावा करते हुए 1,220 रुपए का राजस्व बकाया बताया और चालान के माध्यम से राशि जमा करने को कहा गया।

लिपिक ने पैसा जमा होने के बाद पार्टी देने का भरोसा भी दिलाया था।

न पावती मिली न जवाब

किसान का कहना है कि राशि देने के बाद न तो कोई पावती दी गई और न ही रकम वापिस की गई। कई बार संपर्क करने पर लिपिक फोन काट देता था। परेशान होकर किसान ने जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई।

 

पहले आरोप लगाने से किया इंकार

शिकायत के बाद जनदर्शन में मौजूद अधिकारियों ने लिपिक को तलब किया। पूछताछ के दौरान पहले अपने आरोपों से इनकार किया, लेकिन बाद में राशि लेने के बात स्वीकार कर ली। इसके बाद लिपिक ने 1,220 रुपए के बदले 1,300 रुपए ठाकुर राम साहू को मौके पर वापस कर दिए।

कलेक्टर बोले-जांच के बाद होगी कार्रवाई

कलेक्टर रणवीर शर्मा ने कहा कि जनदर्शन में शिकायत प्राप्त हुई है। पूरे प्रकरण की जांच कर नियमानुसार  कार्रवाई की जाएगी।

वहीं लिपिक हनी कश्यप का कहना है कि उसे झूठे मामले में फंसाया गया है।


अन्य पोस्ट