बेमेतरा

बेमेतरा में तीन माह में 5 ठेका कर्मी करंट की चपेट में आ चुके, जिसमें 2 की मौत, 3 घायल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 4 सितंबर। ग्राम गोड़गिरी में बिजली विभाग के ठेकाकर्मी की हाईटेंशन लाइन जोड़ते समय करंट आने से मौत हो गई। जिले में 3 माह के दौरान अब तक 5 ठेका कर्मी करंट की चपेट में आ चुके हैं, जिसमें दो की मौत हुई है। वहीं तीन गंभीर रूप सें झुलस गए।
मंगलवार को करंट की चपेट में आने से देवेंद्र साहू उर्फ राजू की मौत के बाद बुधवार को परिजनों ने सडक़ पर लाश रखकर बेरला के लिमाही चौक में प्रदर्शन किया। एक अन्य ठेकाकर्मी ग्राम ठेलका में करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे भिलाई के निजी अस्पताल में रेफर किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार बेरला ब्लॉक के ग्राम गोड़गिरी में रावणभाठा मैदान के पास गांव 11 केवी तार टूटने के बाद बंद लाइन चालू करने के लिए ठेकाकर्मी बिजली पोल पर चढक़र काम कर रहा था। तभी सप्लाई लाइन में अचानक करंट आने से उसकी के चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस कर खंभे से नीचे गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को उपचार के बेरला के सरकारी अस्पताल भेजा, जहां पर डॉक्टर ने मौत होने की पुष्टि की।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संया में सामुदायिक केंद्र पहुंचे। अस्पताल परिसर में मौजूद परिजनों सहित ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए हादसे को विद्युत विभाग की लापरवाही करार दिया। बुधवार को मृतक के शव का पीएम किया गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने मुआवजा की मांग को लेकर सडक़ पर शव रखकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पहुंचे अधिकारियों ने चार लाख मुआवजा राशि व एक लाख की सहायता राशि देने का आश्वासन दिया, जिसके बाद सभी शांत हुए।
8 घंटे की बजाय 24 घंटे
काम लेने की शिकायत
संगठन के अनुसार श्रमिकों से प्रति दिन 8 घंटे का काम लेना है पर कभी 24 घंटे तक काम लिया जाता है। साथ ही ट्री कटिंग, 11 व 33 केवी लाइन के लिए पोल पर चढ़ाकर काम कराया जाता है। इसके अलावा कार्यरतों में कुशल कर्मचारी को 11552 व अकुशल कर्मचारियों को 10185 रुपए प्रतिमाह दिए जाने थे, जिससे कम भुगतान करने की भी शिकायत सामने आई है।
इन घटनाओं पर एक नजर
ठेकाकर्मी चोवाराम साहू घायल हुआ था। ग्राम बीजागोड़ निवासी विक्रम गोड भी बिजली दुर्घटना का शिकार होकर घायल हुआ था।
इसी प्रकार ठेकाकर्मी मनीष साहू ग्राम चिखली निवासी 90 फीसदी झुलसा था, जिसका आज भी उपचार जारी है।
एक और घटना में 5 जून को ग्राम रूसे में बिजली पोल में रिपेरिंग करते समय करंट की चपेट में आने से मंगल मंडावी की मौत हुई थी। और अब ग्राम गोडगिरी में 11 केवी लाइन सुधारते समय करंट की चपेट में आने से देवेंद्र साहू की मौत।
इन सभी घटनाओं में दो लोगों की मौत और तीन गंभीर रुप से झुलसे जिनकी उपचार अभी भी जारी हैं।
खैरझिटी में एक और ठेका कर्मी झुलसा
साजा ब्लॉक के ठेलका वितरण केन्द्र के ग्राम खैरझिटी में 100 केवी ट्रांसफॉर्मर की रिपेरिंग करने के लिए खोलते समय राम वर्मा अचानक हुए हादसे से झुलस गया, जिसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराने के बाद भिलाई के निजी अस्पाताल में रेफर किया गया। यह विभाग के ठेकाकर्मी के साथ पांचवी घटना है। विद्युत ठेका श्रमिक विकास संगठन के जिला अध्यक्ष चिंताराम साहू व प्रदेश सचिव चुमन साहू ने बताया कि हाईटेंशन तार या रिपेयर करते समय बिजली सप्लाई होने से बीते नवंबर 2024 से लेकर अब तक 5 दुर्घटनाएं ठेका कर्मियों के साथ हो चुकी है, जिसमे दो की मौत हुई है। वहीं तीन कर्मी घायल हुए, जिसमें से ग्राम चिखली निवासी मनीष साहू 90 फीसदी झुलसा था, जिसका आज भी उपचार जारी है।
मुख्य कार्यपालन अभियंता विद्युत वितरण कंपनी, साजा मनीष शुक्ला ने कहा कि मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा राशि देने की घोषणा की गई है। इसके साथ ही तात्कालिक सहायता राशि भी दी गई है।