बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 30 अगस्त। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस एवं फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत जिले में तीन दिवसीय खेल महोत्सव 29 से 31 अगस्त तक की शुरुआत जिला मुयालय में किया गया। ‘’हर गली, हर मैदान, खेले सारा हिंदुस्तान’ की तर्ज पर आयोजित इस कार्यक्रम में रस्साकशी, दौड़, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन, तीरंदाजी एवं शतरंज जैसे विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आरंभ हुईं।
खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस खेल महोत्सव में जिला मुयालय के खेल मैदान में खिलाडिय़ों, ग्रामीण एवं शहरी युवाओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खेल मैदान में पारंपरिक खेलों के साथ आधुनिक खेलों का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर सभी ने संकल्प लिया कि खेल को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाकर फिट इंडिया मूवमेंट को आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि आज का दिन हमें मेजर ध्यानचंद के योगदान और खेलों के महत्व की याद दिलाता है। खेलों से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है बल्कि मानसिक संतुलन और सामाजिक समरसता भी बढ़ती है। विधायक दीपेश साहू ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस केवल खेलों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमें टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों में सक्रिय रूप से भाग लें और जिले का नाम राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें।
खेल व फिटनेश से समाज व देश होंगे मजबूत - कलेक्टर
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने कहा कि युवा ही देश का भविष्य हैं, और जब युवा खेलों व फिटनेस की ओर अग्रसर होंगे तो समाज और देश दोनों मजबूत बनेंगे। पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने कहा कि खेल हमारे जीवन में तनाव दूर करने और ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का माध्यम हैं। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा, विकास तम्बोली सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद थे।


