बेमेतरा

मां गोदावरी आनंद वृद्धाश्रम में सेवा का अनुपम उदाहरण देखने को मिला-सांसद बघेल
22-Jul-2025 10:09 PM
मां गोदावरी आनंद वृद्धाश्रम में सेवा का अनुपम उदाहरण देखने को मिला-सांसद बघेल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 22 जुलाई। मां गोदावरी आनंद वृद्धाश्रम में सांसद विजय बघेल अपनी पत्नी रजनी बघेल के साथ पहुंचे। वृद्धजनों से आत्मीयता से मुलाकात की, उनके हाल-चाल जाने और अपने हाथों से उन्हें प्रेमपूर्वक भोजन परोसा और उनके साथ बैठकर भोजन भी किया।

ज्ञात हो कि यहां सिर्फ छत्तीसगढ़ से ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों से भी वृद्धजन रहते हैं। उनके मनोरंजन हेतु हर कमरे में टीवी और खेल सामग्री की भी व्यवस्था है।

सांसद बघेल से मिलकर वृद्धजनों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। कुछ ने भावुक होकर अपनी व्यथा सुनाई- कभी हमारा भी परिवार था, अच्छे दिन थे, पर आज अपने ही बच्चों ने ठुकरा दिया। उन्होंने वृद्धाश्रम को ही अब अपना घर मान लिया है।

 कल्पना योगेश तिवारी ने अपने माता-पिता की स्मृति में वृद्धाश्रम की शुरुआत की है। डॉ. खूबचंद बघेल की 125वीं जयंती के अवसर पर सांसद विजय बघेल और उनकीपत्नी रजनी बघेल ने वृद्धा आश्रम में भोजन की व्यवस्था की है।

इस अवसर पर विजय बघेल ने कहा -मैं आप सबका बेटा बनकर हमेशा आपसे मिलने आता रहूंगा। आप अकेले नहीं हैं। उन्होंने बुजुर्गों के आंसू पोंछकर उनके दिल में अपनत्व और सम्मान का भाव फिर से जगाया। यह आयोजन न सिर्फ सेवा की मिसाल बना, बल्कि मानवीय संवेदनाओं की सुंदर तस्वीर भी प्रस्तुत की।

ज्ञात हो कि यह वृद्धाश्रम गोदावरी सेवा ट्रस्ट द्वारा संचालित है, जिसकी संचालिका कल्पना योगेश तिवारी जी हैं। आश्रम में गोदावरी सेवा ट्रस्ट और हीरा सीएसआर फाउंडेशन के सहयोग से नि:शुल्क आवास, भोजन, दवाई, वस्त्र आदि की संपूर्ण व्यवस्था की जाती है। वर्तमान में यहाँ 35 महिलाएं और 42 पुरुष निवासरत हैं, जिनकी सेवा के लिए 35 कर्मचारी 24 घंटे समर्पित रहते हैं। किसी भी आपात स्थिति में सियस हॉस्पिटल, रायपुर में नि:शुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध है।


अन्य पोस्ट