बेमेतरा

सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
22-Jul-2025 10:08 PM
सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 22 जुलाई। नगर की खुशहाली और किसानों के लिए भरपूर वर्षा की कामना, श्रावण मास के दूसरे सोमवार को नगर सहित ग्रामीण अंचलों के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। तडक़े ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालु शिवलिंग पर जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक करने मंदिरों में जुटने लगे। शिवालयों में घंटियों की मधुर ध्वनि, मंत्रोच्चारण और हर-हर महादेव के उद्घोष से वातावरण शिवमय हो गया।

नगर के प्रमुख समाजसेवी एवं जनप्रतिनिधि विकास धर दीवान अपनी पत्नी के साथ नगर के प्रमुख शिव मंदिर में विधिवत रुद्राभिषेक किया। उन्होंने दूध, दही, शहद, गंगाजल, घी और बेलपत्र से भगवान शिव का अभिषेक कर नगर की सुख-शांति, सामाजिक समरसता और नागरिकों के कल्याण की कामना की।

इस अवसर पर दीवान ने कहा कि सावन शिवभक्ति और आत्मशुद्धि का पावन अवसर है। हमने आज नगर की समृद्धि, शांति और समस्त नागरिकों के सुखद जीवन हेतु भोलेनाथ से प्रार्थना की है। दीवान दंपती ने रुद्राभिषेक उपरांत मंदिर प्रांगण में आयोजित भजन-कीर्तन में भी भाग लिया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण, शिव तांडव स्तोत्र पाठ एवं रुद्राष्टाध्यायी का सामूहिक पाठ भी हुआ। नगर के अन्य शिवालयो में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। जगह-जगह महिला मंडल और युवक समितियों द्वारा शिव पुराण पाठ, भजन संध्या और कांवड़ यात्राओं का आयोजन किया गया। कई घरों में भी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रुद्राभिषेक, कथा, व्रत एवं पूजन कर शिवभक्ति प्रकट की।


अन्य पोस्ट