बेमेतरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 27 जून। किसान नेता योगेश तिवारी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के गौरव, प्रसिद्ध हास्य कवि एवं पद्मश्री सम्मान से अलंकृत डॉ. सुरेन्द्र दुबे के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है। उनकी साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक सेवाएं सदैव लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेंगी। भाजपा किसान मोर्चा के वरिष्ठ नेता योगेश तिवारी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. सुरेन्द्र दुबे का जन्म बेमेतरा की पावन माटी में हुआ और उन्होंने अपनी हास्य कविताओं के माध्यम से न केवल बेमेतरा, बल्कि पूरे देश और विश्व में इस क्षेत्र का नाम रोशन किया। वह अपने आप में एक संस्था थे, जिन्होंने हास्य साहित्य को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाया। योगेश तिवारी ने आगे कहा कि पिछले पाँच वर्षों से बेमेतरा के बाज़ार चौक में शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले कवि सम्मेलन की मुख्य प्रेरणा डॉ. दुबे ही थे। उनकी कविताएं आज भी बेमेतरा की जनता की ज़ुबान पर जीवित हैं और रहेंगी। योगेश तिवारी ने डॉ. दुबे को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दु:ख को सहने की शक्ति प्रदान करें। ओम् शांति। भविष्य में, भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी ने कहाँ कि प्रतिवर्ष शरद पूर्णिमा के अवसर पर ‘ एक शाम पद्मश्री कवि डॉ.सुरेन्द्र दुबे के नाम’ से कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, ताकि उनकी स्मृति सदा बनी रहे और आने वाली पीढिय़ां उनकी कविताओं और रचनाओं से प्रेरणा ले सकें।