बेमेतरा

आपातकाल: लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हुए संघर्षों और प्रतिरोध को किया याद
26-Jun-2025 7:04 PM
आपातकाल: लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हुए संघर्षों और प्रतिरोध को किया याद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 26 जून। आपातकाल लगाए जाने के 50 वर्ष पूर्ण होने पर बुधवार को जिला पंचायत परिसर में संविधान हत्या दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर आपातकाल की विभीषिका, जनप्रतिरोध और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हुए संघर्षों को याद किया गया। मुख्य अतिथि खाद्य मंत्री दयालदास बघेल थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक दीपेश साहू, विधायक ईश्वर साहू, पूर्व विधायक अवधेश चंदेल, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ रजकर बोर्ड प्रह्लाद रजक, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, जनपद अध्यक्ष हेमा दिवाकर, अजय साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, एनसीसी, स्काउट-गाइड्स के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

विधायक दीपेश साहू ने कहा कि आपातकाल का दौर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों पर सबसे बड़ा प्रहार था। यह लोकतंत्र की परीक्षा की घड़ी थी। विधायक ईश्वर साहू ने कहा आपातकाल के समय किए गए संघर्ष हमें संविधान की रक्षा के लिए सदैव प्रेरित करते हैं। पूर्व विधायक अवधेश चंदेल और प्रह्लाद रजक ने भी संबोधित किया। आपातकाल से जुड़ी जानकारी दी।

कार्यक्रम में आयोजित छायाचित्र प्रदर्शनी में आपातकाल से जुड़ी घटनाओं, संघर्षों और जनआंदोलनों की झलक प्रस्तुत की गई, जिसे सभी उपस्थितजनों ने गहरी रुचि से देखा। इस अवसर पर एक रैली भी निकाली गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संदेश देते हुए भाग लिया।

आपातकाल लोकतंत्र पर गहरा आघात

मंत्री बघेल ने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र पर गहरा आघात था। संविधान और मौलिक अधिकारों को कुचलने वाली यह घटना लोकतंत्र की चेतावनी है। यह नई पीढ़ी के लिए एक सबक है कि लोकतंत्र की रक्षा सतत जागरूकता और संघर्ष से ही संभव है। यह हमारा दायित्व है कि हम लोकतंत्र की मर्यादा बनाए रखें और ऐसे किसी भी प्रयास का विरोध करें जो संविधान और नागरिक स्वतंत्रताओं को कमजोर करे।

मीसबंदियों-परिजनों का सम्मान

मंत्री बघेल ने आपातकाल के दौरान जेल गए मीसाबंदी भुवनेश्वर प्रसाद तिवारी, हरदयनारायण निर्वाणी, स्व.महेश कुमार तिवारी (पूर्व विधायक) की पत्नी शारदा तिवारी, स्व. बीरेन्द्र कुमार दानी के पुत्र आशीष दानी तथा स्व. मुखी राम साहू के पुत्र सुरेश कुमार साहू को शॉल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।


अन्य पोस्ट