बेमेतरा
पदयात्रा रैली निकाली, विधायक ने दिलाई संरक्षण की शपथ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 17 जून। जल-वन-जन एक प्राकृतिक बंधन अभियान के अंतर्गत शहर में जन-जागरूकता के लिए पदयात्रा रैली का आयोजन किया गया।
रैली स्थानीय जय स्तंभ चैक से प्रारंभ होकर पुन: वहीं समाप्त हुई। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक दीपेश साहू रहे। उन्होंने रैली समापन के पश्चात उपस्थित जनसमूह को जल संरक्षण की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत ने जिले में जल संकट के कारणों को रेखांकित करते हुए आगामी जुलाई में पौधारोपण अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि यह रैली जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में एक साथ आयोजित की गई, जिससे अधिक से अधिक नागरिकों को जल एवं वन संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा सके।
विधायक दीपेश साहू ने कहा कि आज भाषणों की नहीं, समझदारी की आवश्यकता है। जिले में जल संकट गहराता जा रहा है, और इससे निपटने के लिए जन-जागरूकता ही सबसे सशक्त उपाय है। हमें अधिकाधिक पौधारोपण करना होगा, जल का संचय और संरक्षण सुनिश्चित करना होगा।
जिले को हरा भरा बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक घर और कार्यालय में वर्षा जल संचयन प्रणाली (वाटर हार्वेस्टिंग) अपनाई जाए। विधायक दिपेष साहू ने प्रशासनिक अधिकारियों के नदारद रहने पर मीडिया को दिए गए बयान में कहा कि कार्यक्रम प्रशासन की ओर से है और प्रशासनिक अधिकारी ही नदारद है। जिला प्रशासन के प्रमुख अधिकारी ही नहीं थे केवल दो चार कर्मचारी अधिकारी ही थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने कहा कि आधुनिकीकरण के दौर में जल संचयन की उपेक्षा और अत्यधिक जल दोहन ने संकट को और बढ़ा दिया है। अब समय आ गया है कि हम प्रकृति की ओर लौटें और पेड़ लगाकर, जल बचाकर भविष्य की पीढिय़ों को सुरक्षित करें।
नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा-जल है, तो कल है। जल संकट से निपटना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। प्रत्येक नागरिक को जल संरक्षण तथा वृक्षारोपण के लिए आगे आना होगा।
छत्तीसगढ़ रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, जनप्रतिनिधि अजय साहू एवं अन्य अतिथियों ने भी पानी एवं पेड़ के महत्व को रेखांकित करते हुए जनसहभागिता का आह्वान किया।
रैली में पूर्व जिला अध्यक्ष, राजेन्द्र शर्मा, पंचु साहू, रोशन दत्ता, विकास तमोली, नीतू ठाकुर-गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। संचालन व्याख्याता सुनील झा और आभार व्यक्त एसडीएम प्रकाश भारद्वाज ने किया।


