बेमेतरा

कृषि व्यवस्था अधिक समृद्ध और लाभकारी सिद्ध होगी- तोषण
15-Jun-2025 3:59 PM
कृषि व्यवस्था अधिक समृद्ध और लाभकारी सिद्ध होगी- तोषण

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 15 जून। जिले में कृषि के सतत् विकास और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में 15 दिवसीय विकसित कृषि संकल्प अभियान चलाया गया जो 12 जून को संपन्न हुआ। अभियान जिले के चयनित 84 क्लस्टर गांवों में संचालित किया गया। समापन दिवस पर कृषि वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों की टीम ग्राम ठेलका, बेलतरा, बावामोहतरा, बिलई, नेवनारा एवं पिरदा पहुँची और किसानों से प्रत्यक्ष संवाद किया।

इस अभियान का उद्देश्य किसानों को खरीफ सीजन के लिए वैज्ञानिक कृषि तकनीकों की जानकारी देना, जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार उर्वरक उपयोग की जागरूकता बढ़ाना, आधुनिक कृषि यंत्रों व ड्रोन तकनीक का प्रदर्शन करना और फसल बीमा, जल संरक्षण, बीज उपचार एवं फसल चक्र परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन देना रहा। इस दौरान कृषि वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों ने 4000 से अधिक किसानों से कृषक-वैज्ञानिक परिचर्चा, तकनीकी प्रदर्शन एवं गोष्ठियों के माध्यम से सीधा संवाद स्थापित किया। किसानों की समस्याओं, नवाचारों और तकनीकी आवश्यकताओं को जानने के साथ ही उनके समाधान पर भी सुझाव दिए गए।

कृषि विज्ञान केन्द्र, बेमेतरा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख तोषण कुमार ठाकुर ने बताया कि अभियान में प्राप्त अनुभवों के आधार पर वैज्ञानिकों की टीम द्वारा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली को प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया है, जिसमें किसानों के ज्ञान में अंतर, नीतिगत सुधार के सुझाव तथा अनुसंधान योग्य विषयों की पहचान शामिल है। उन्होंने बताया कि जिले की कृषि व्यवस्था अधिक समृद्ध, सतत एवं लाभकारी सिद्ध होगी। उपसंचालक कृषि मोरध्वज डडसेना के नेतृत्व में कृषि वैज्ञानिक डॉ. विनय कुमार मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट